कुंदकेश्वर महादेव मंदिर में मना होली मिलन

महासमुंद। शंकर नगर स्थित कुंदकेश्वर महादेव मंदिर में प्रेम और सद्भावना का पर्व होली बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरूआत सोमवार रात होलिका दहन के साथ हुई। पौराणिक मान्यताओं का स्मरण करते हुए बताया गया कि किस प्रकार प्रभु भक्ति में लीन बालक प्रहलाद को मारने के उद्देश्य से होलिका उन्हें गोद में लेकर अग्नि में बैठी थीं, किंतु ईश्वर की कृपा से प्रहलाद सकुशल रहे और होलिका दहन हो गया। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए उपस्थित जनों ने अपनी बुराइयों को अग्नि में समर्पित कर आपसी प्रेम और सद्भावना से रहने का संकल्प लिया। अगले दिन धुलेंडी पर मंदिर प्रांगण में होली मिलन समारोह आयोजित हुआ। मोहल्ले के सभी लोग एक स्थान पर एकत्रित हुए और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी। नगाड़ों की थाप और मधुर भजनों के बीच महिलाओं और बच्चों ने जमकर नृत्य किया और उत्सव का आनंद लिया।