सरायपाली में जल्द बनेगा नया उच्चदाब विद्युत उपकेंद्र

आरंगी उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि से क्षेत्र के 17 गांवों के उपभोक्ता को मिलेगा लाभ
महासमुंद। जिले के सरायपाली संभाग के अंतर्गत आरंगी विद्युत उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि की गई। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर ने उपकेंद्र में अधिक क्षमता के नए ट्रांसफार्मर को बटन दबाकर प्रारंभ किया। 33/11 केवी के आरंगी उपकेंद्र की क्षमता अब 3.15 एमवीए से बढ़कर 5 एमवीए हो गई है। इससे पहले कंवर ने सरायपाली संभाग के अंतर्गत राजपालपुर में 132/ 33 केवी के प्रस्तावित नए उच्चदाब उपकेंद्र के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों के कारण विद्युत मांग भी बढ़ी है ऐसे में इस नए उच्च दाब उपकेंद्र को दो साल के अंदर पूरा किया जाना है। कंवर ने काम में तेजी लाने तथा उपकेंद्र को जल्द पूरा करने हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान कार्यपालक निदेशक जे एस नेताम भी मौजूद थे।
आरंगी में उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि के अवसर पर उपस्थित उपभोक्ताओं एवं स्थानीय जनप्रतिधियों को संबोधित करते हुए एमडी कंवर ने बताया कि अब पथरला और आरंगी वितरण केंद्रों के उपभोक्ता सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि इस उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले 5 फीडर के 17 गांवों के 2000 उपभोक्ताओं को लो-वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी और बिजली की आपूर्ति अधिक स्थिर होगी। इस अवसर पर स्थानीय सरपंच भोजराज प्रधान ने एमडी कंवर का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि क्षेत्र में वोल्टेज की समस्या होने के संबंध में सूचित किया गया था जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो दिन में ही उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि की गई। कंवर ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्पष्ट निर्देश है कि प्रदेशभर में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस दौरान अधीक्षण अभियंता वाय के मनहर, कार्यपालन अभियंता महेश नायक, टी के पटेल समेत क्षेत्रीय उपभोक्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।