हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता के थीम पर नगरीय निकायों में चला व्यापक अभियान

विभिन्न जगहों में साफ-सफाई कर स्वच्छता का दिया गया संदेश
गरियाबंद 07 अगस्त 2025/ हर घर तिरंगा अभियान के प्रथम चरण के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में आज जिले के नगरीय निकायों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें आम नगारिकों सहित अधिकारी-कर्मचारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अपने नगर के विभिन्न जगहों जैसे गली-मोहल्ले, चौक-चौराहो, सड़क, स्कूल, आंगनबाड़ी, सार्वजनिक स्थान एवं विभिन्न संस्थानों के आसपास साफ-सफाई की। साथ ही कचरे का संकलन कर उनका उचित निष्पादन भी किया। स्वच्छता का कार्यक्रम नगर पालिका परिषद गरियाबंद, नगर पंचायत देवभोग एवं छुरा में मुख्य नगर पालिका अधिकारियों के नेतृत्व में व्यापक रूप से चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग थीम का महत्व बताते हुए अपने घरों में तिरंगा झंडा लगाकर देशभक्ति की भावना विकसित करने तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान के महत्व को बताया। इसके अलावा अभियान के दौरान अपने आसपास के जगहों को स्वच्छ रखने एवं लोगों को स्वच्छता का महत्व बताते हुए जागरूक भी करने की अपील की गई।