कलेक्टर ने डूमाघाट पहुंचकर कमार परिवारों के लिए बन रहे बहुउद्देशीय केंद्र का किया अवलोकन
भवन के निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के लिए निर्देश
गरियाबंद 3 अगस्त 2025/ कलेक्टर बी.एस. उईके आज मैनपुर विकासखंड के दूरस्थ वनांचल गांव डुमाघाट पहुंचे। उन्होंने गांव में विशेष पिछड़ी जनजाति कमार परिवारों के लिए बन रहे बहुउद्देशीय केंद्र का अवलोकन किया। यह केंद्र पीएम जनमन के तहत बनाया जा रहा है।
इस केंद्र में आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक भवन का एकीकृत लाभ मिलेगा। इस भवन में कमार जनजाति सदस्यों के बच्चों के लिए आंगनबाड़ी की सुविधा रहेगी। साथ ही चिकित्सा व्यवस्था के तहत स्वास्थ्य केंद्र एवं मेडिकल स्टाफ भी रहेगा। इसके अलावा एक अलग कक्ष में कमार सदस्यों के आजीविका संवर्धन के लिए हस्त एवं बांस कला जैसी गतिविधियां संचालित करने की जगह भी रहेगी। मुख्य रूप से विशेष पिछड़ी जनजाति सदस्यों को समाज के मुख्य धारा में लाने एवं उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत इस बहुउद्देशीय केंद्र का स्वरूप क्रियान्वित किया जा रहा है। इससे जनजाति सदस्यों को काफी लाभ होगा। कलेक्टर उईके ने इस केंद्र में हो रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने भवन के विभिन्न कमरों में जाकर बनाए गए संरचनाओं का अवलोकन किया। साथ ही भवन के बचे हुए कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से भी भवन निर्माण एवं केंद्र में संचालित किए जाने वाली गतिविधियों के बारे में चर्चा की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम तुलसीदास मरकाम, सीईओ जनपद पंचायत मैनपुर सुश्री श्वेता वर्मा सहित गांव के जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।
