महासमुंद से बम्हनी तक कांवरियों के लिए नपाध्यक्ष ने शुरू की निःशुल्क वाहन सेवा
महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू द्वारा आज महासमुंद से बम्हनी तक कांवरियों के लिए निःशुल्क वाहन सेवा प्रारंभ की गई। सावन माह के अंतिम शनिवार को कांवरियों का जत्था आज महासमुंद से बम्हनी जल लेने पैदल ही जा रहे थे। जिले भर के कांवरियों सहित अन्य जिलों से बस व अन्य माध्यमों से कांवरिया महासमुंद पहुंचे। लेकिन बम्हनी श्वेत गंगा तक आवागमन का साधन नहीं होने से उन्हें परेशानियां हो रही थी। इन परेशानियों को देखते हुए नपाध्यक्ष श्री साहू ने तत्काल सुबह से 2 वाहनों की व्यवस्था कर निःशुल्क रुप से बम्हनी तक कांवरियों को पहुंचाने की व्यवस्था बनाई। यह वाहन रविवार तक कांवरियों के लिए निःशुल्क रूप से उपलब्ध रहेगा। नपाध्यक्ष श्री साहू ने बताया कि श्वेत गंगा की पवित्र जल लेकर हजारों कांवरिए महासमुंद होते हुए सिरपुर पैदल पहुंचेंगे। महासमुंद की पुण्य भूमि पर शिव भक्तों को प्रणाम करने तथा उनकी सेवा का पुण्य अवसर हमें मिला है यह हमारा सौभाग्य है।
