जनभावनाओं को ध्यान में रखकर प्लांट के सभी अवैध कार्य बंद कराए प्रशासन : निखिलकांत

ग्रामीण व किसानों के विरोध के बाद भी प्लांट की मनमानी से क्षेत्र में फैल रही अशांति
महासमुंद। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने खैरझिटी स्थित करणीकृपा पावर प्लांट प्रबंधन के अनैतिक कार्यों के विरूद्ध क्षेत्र के ग्रामीणों व किसानों के विरोध को जायज ठहराते हुए कहा कि किसानों के मांग अनुरूप तत्काल प्रशासन को कार्रवाई करना चाहिए। जनता से बड़ा कोई प्लांट, फैक्ट्री या कंपनी नहीं होता। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्लांट के सारे अवैध गतिविधियों पर प्रशासन को अंकुश लगाना चाहिए। श्री साहू ने कहा कि लगातार यह देखने में आ रहा है कि करणी कृपा पावर प्लांट द्वारा विरोध व आपत्ति के बाद भी अपनी मनमानी की जा रही है। पहले कोडार बांध से करणी कृपा प्लांट को पानी देने की सुगबुगाहट के बाद इसका भारी विरोध हुआ। अब गोपालपुर एनीकेट से पंचायत के बिना अनुमति करणी कृपा पावर प्लांट को पानी दिये जाने का विरोध क्षेत्र के ग्रामीण व किसान कर रहे हैं। इसके लिए मनमानी पूर्वक प्लांट प्रबंधन द्वारा पाइप लाइन बिछाकर क्षेत्र में अशांति फैलाने का काम किया जा रहा है।
नपाध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि करणी कृपा पावर प्लांट के अनैतिक कार्यों के विरूद्ध सत्याग्रही किसान संगठन विगत 3-4 सालों से धरना आंदोलन कर रहे हैं। समय-समय पर प्लांट के अवैध कार्यों का किसान जमकर विरोध भी करते हैं। लेकिन, किसानों को प्रशासन का सहयोग नहीं मिलने से करणी कृपा प्लांट अपनी मनमानी पर उतर आता है। किसानों का यह भी आरोप है कि प्लांट प्रबंधन ने कई किसानों की जमीन पर कब्जा भी किया है। गोपालपुर एनीकेट से गोपालपुर के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलता है। यदि यहां का पानी एनीकेट को दे दिया जाएगा तो किसानों को पानी नहीं मिलेगा। बिना पंचायत प्रस्ताव के गुपचुप तरीके से पानी ले जाने के लिए प्लांट द्वारा मनमानी किया जा रहा है। जिस पर किसानों व ग्रामीणों का विरोध बिलकुल जायज है।
श्री साहू ने कहा कि करणी कृपा पावर प्लांट की मनमानी से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में आक्रोश है। प्लांट द्वारा अवैध रूप से सड़क निर्माण, पर्यावरण प्रदूषण और किसानों के रास्ते रोकने जैसे आरोप लग रहे हैं। इसके अलावा, प्लांट में लगातार हो रही दुर्घटनाओं और श्रमिकों की मौतें भी चिंता का विषय है। इन घटनाओं से क्षेत्र में आक्रोश है और किसान प्लांट प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। श्री साहू ने प्रशासन पर क्षेत्र के ग्रामीणों व किसानों की उपेक्षा करते हुए प्लांट प्रबंधन के हित में कार्य करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जनता से बड़ा कोई कंपनी, फैक्ट्री नहीं हो सकता। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्लांट के सारे अनैतिक कार्यों को बंद कराया जाए।