महिला पर बायसन ने किया हमला
इलाज के दौरान हो गई मौत
महासमुंद। पिथौरा के जंगल में बायसन के हमले से घायल हुई महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पिथौरा समीप के देवपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम नयाडीह निवासी एक महिला पर बायसन ने हमला कर दिया। उसे गंभीर अवस्था में रायपुर ले जाया गया था। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वह दो अन्य महिलाओं के साथ पास के जंगल में बकरी चराने गई थीं। देवपुर वन परिक्षेत्र के नयाडीह निवासी उर्मिला खड़िया (65) शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पास के जंगल के कक्ष क्रमांक 281 में बकरी चराने गई थीं। जहां बायसन के झुंड में से एक बायसन ने अचानक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर वन विभाग के अधिकारियों ने घायल महिला को तत्काल पिथौरा भेजा, जहां प्रथम उपचार के बाद उच्च उपचार के लिए महासमुंद से रायपुर भेजा गया। जहां रविवार सुबह उक्त महिला की मौत हो गई।
झुंड से निकल कर एक नर बायसन का महिला पर हमला करने की घटना असाधारण मानी जा रही है। आम तौर पर वन्य प्राणी विशेषज्ञ यह मानते हैं कि बायसन झुंड में रहते हमला नहीं करते बल्कि अकेले रहने पर ही यदा-कदा हमला करते हैं। लेकिन इस मामले में झुंड में रहते हुए बायसन ने महिला पर हमला किया है। देवपुर रेंजर संतोष पैकरा ने बताया कि अक्सर शांत रहने वाला बायसन का मेटिंग समय हो सकता है जिसकी वजह से उसने हमला किया हो। बहरहाल, बायसन जैसे शांत वन्यप्राणी का हमला चिंताजनक है।