सड़क चौड़ीकरण से हादसों में आएगी कमी: देवेंद्र

महासमुंद। भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक देवेंद्र चंद्राकर ने कहा कि महज डेढ़ साल के कार्यकाल में ही प्रदेश की भाजपा सरकार ने कार्यों में तेजी लाने का काम किया है। पूरे प्रदेश सहित जिले के विभिन्न मार्गों का चौड़ीकरण, पुनर्निर्माण, जीर्णोद्धार के कार्य हो रहे हैं। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के अथक प्रयासों से महासमुंद वासियों को बरोंडा चौक से कलेक्टर बंगला तथा महासमुंद से तुमगांव तक 12 किमी मार्ग का चौड़ीकरण कार्य की सौगात मिली है। शहर सहित जिलेवासियों की बहुप्रतीक्षित मांग पर कार्य शुरू होने से नागरिकों में खुशी की लहर है।
चंद्राकर ने कहा कि महासमुंद से तुमगांव तक सड़क चौड़ीकरण एवं पुल-पुलिया पुनर्निर्माण योजना को अब जाकर गति मिली है। तुमगांव से महासमुंद को जोड़ने वाला इस मुख्य मार्ग की लंबाई 12 किमी है। इस मार्ग की चौड़ाई बढ़ने से दुर्घटनाओं में कमी आएगी तथा राहगीरों को सुव्यवस्थित यातायात का लाभ मिलेगा। इन सड़कों के चौड़ीकरण होने से न सिर्फ क्षेत्र का विकास हो सकेगा, बल्कि यहां पर जाम और दुर्घटना जैसी गंभीर समस्या से लोगों को मुक्ति मिलेगी। महासमुंद से तुमगांव मार्ग पर अनेक गंभीर दुर्घटनाएं घटी है, वर्षों से लोग इस मार्ग के चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे। लेकिन, अब तक इस दिशा में कोई पहल नहीं हुई थी। इन सड़कों के चौड़ीकरण कार्य की स्वीकृति देकर साय सरकार ने अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया है।