युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ : राकेश

महासमुंद। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष राकेश झाबक ने शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया को बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बताते हुए कहा है कि विष्णुदेव के कुशासन में बच्चों का भविष्य अंधकारमय है। महासमुंद सहित लगभग जिले के अनेक स्कूलों में सैकड़ों रिक्त पदों की जानकारी छिपाई जा रही, कई स्कूल ऐसे हैं, जहां दर्जनों शिक्षक होने के बावजूद उन्हें एकल शिक्षक या शिक्षकविहीन स्कूल बताकर शिक्षकों को जबरिया भेज रहे हैं। कई स्कूलों में जहां अतिशेष बताकर शिक्षकों को अन्यत्र भेजा गया है, उन्हीं स्कूलों में फिर से उसी विषय के शिक्षक भेजे जा रहे हैं। सरकार में बैठे लोग अपने चहेतों को अतिशेष की सूची से बाहर कर दिया।
झाबक ने कहा कि युक्तियुक्तकरण के नाम पर पिछले शिक्षण सत्र की तुलना में छत्तीसगढ़ के 10372 सरकारी स्कूल कम हो गए, रखरखाव के अभाव में कई स्कूल जर्जर अवस्था में हैं और आत्ममुग्ध सरकार शाला प्रवेश उत्सव मना रही है। प्राइवेट स्कूल संचालकों और अफसरों की मिलीभगत से विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें नहीं मिल पा रही है, जिससे उन्हें महंगी और अतिरिक्त पाठ्यक्रम वाली गुणवत्ता विहीन पुस्तकें खरीदने मजबूर होना पड़ रहा है।