नये भारत अब विचार है, नेतृत्व है, उदाहरण है: सांसद रूपकुमारी

महासमुंद। सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा भारत अब केवल योजनाओं की सूची नहीं, सपनों की साकार गाथा है। यहां का किसान वैज्ञानिक है, सैनिक रणनीतिकार है, महिला नेतृत्वकर्ता है, युवा नवाचारक है। और यह सब कुछ संभव हुआ क्योंकि इस दशक में भारत ने केवल समस्याओं का समाधान नहीं किया, भारत ने आत्मा को पुनः जीवंत किया।
चिनाब ब्रिज भारत की इंजीनियरिंग क्षमता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उभरे नये भारत के आत्मविश्वास का प्रतीक है। दुनिया का सबसे ऊँचा रेलवे पुल, जो चिनाब नदी की गहराइयों को चीरता हुआ खड़ा है, न केवल तकनीकी कौशल की मिसाल है, बल्कि कश्मीर को शेष भारत से जोड़ने वाली रणनीतिक कड़ी भी है। इस पुल के निर्माण ने दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों में भी भारत की निर्माण क्षमता और संकल्प शक्ति को सिद्ध किया है। इसके माध्यम से अब क्षेत्रीय संपर्क, पर्यटन, व्यापार और सुरक्षा में अभूतपूर्व वृद्धि होगी, जिससे जम्मू-कश्मीर की आर्थिक प्रगति को नया बल मिलेगा। यह पुल ‘विकसित भारत’ के उस दृष्टिकोण को साकार करता है जिसे प्रधानमंत्री मोदी ने “नई सोच, नया निर्माण” के रूप में देश को दिया है। 2014–2024 केवल दस वर्षों का लेखा-जोखा नहीं, नये भारत के आत्मविश्वास और उत्कर्ष की अमर गाथा है। भारत अब दिशा लेने वाला नहीं, दिशा देने वाला राष्ट्र बन चुका है।