पीईटी एवं पीपीएचटी परीक्षा आज, 15 सौ से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
कलेक्टर ने ऑब्जर्वर व केंद्राध्यक्ष की बैठक लेकर दिये जरुरी निर्देश
बलौदाबाजार, 7 मई 2025/ व्यवसायिक परीक्षा मण्डल रायपुर द्वारा 8 मई 2025 को पीईटी एवं पीपीएचटी परीक्षा 2025 का आयोजन किया जा रहा हैं। परीक्षा आयोजन हेतु जिले में 3 केंद्र बनाए गये हैं, जिसमें 1553 परीक्षार्थी शामिल होंगे। कलेक्टर दीपक सोनी ने बुधवार क़ो परीक्षा केन्द्राध्यक्ष एवं ऑब्जर्वरों क़ी बैठक लेकर परीक्षा क़ो संवेदनशील बताते हुए विशेष सतर्कता और सावधानी बरतने क़े निर्देश दिये। उन्होंने स्पष्ट निर्देशित किया कि सभी प्रोटोकाल का अनुपालन सुनिश्चित करें कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं क़ी जाएगी। कलेक्टर श्री सोनी ने कहा कि अपरान्ह में आंधी तूफान के कारण बिजली गुल होने की समस्या रहती है इसके लिए परीक्षा केंद्रों में इन्वर्टर की व्यवस्था करें।
बताया गया कि प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 9 बजे से अपरान्ह 12 :15 बजे तक आयोजित होगी जिसमें शासकीय डी के महाविद्यालय में 360 परीक्षार्थी एवं शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय बलौदाबाजार में 134 परीक्षार्थी शामिल होंगे। द्वितीय पाली अपरान्ह में 2 बजे से 5 :15 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी जिसमें दाऊ कल्याणसिंह शासकीय स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय बलौदाबाजार में 480,शासकीय मिनीमाता कन्या कॉलेज बलौदाबाजार में 240 एवं पण्डित चक्रपाणि शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल बलौदाबाजार में 339 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर अरुण सोनकर, जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
