त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव, निर्वाचन प्रक्रिया व प्रथम सम्मिलन की तिथि घोषित

कोरिया 25 फरवरी 2025। पंचायत चुनाव की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अब ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों एवं जिला पंचायतों के नव-निर्वाचित प्रतिनिधियों के पदभार ग्रहण एवं प्रथम सम्मिलन की तैयारियां जोरों पर हैं। पंचायत संचालनालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, 27 को ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं पंचों के निर्वाचन की अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। ग्राम पंचायतों में प्रथम सम्मिलन एवं उपसरपंच चुनाव राज्य सरकार के निर्देशानुसार, ग्राम पंचायतों का प्रथम विशेष सम्मिलन 3 मार्च को आयोजित किया जाएगा, जिसमें नव-निर्वाचित पंच और सरपंच पदभार ग्रहण करेंगे। इसके बाद, ग्राम पंचायत के उपसरपंच का निर्वाचन 8 मार्च को किया जाएगा, जिसकी अधिसूचना उसी दिन जारी होगी। जनपद पंचायत और जिला पंचायत के निर्वाचन से संबंधित अधिसूचना भी 27 को प्रकाशित की जाएगी। इसके तहत जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का चुनाव 4 मार्च को होगा और उसी दिन इसकी अधिसूचना जारी होगी। इसी तरह जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष का चुनाव 5 मार्च को होगा और उसकी अधिसूचना भी उसी दिन जारी की जाएगी। जनपद पंचायत का प्रथम सम्मिलन 7 मार्च और जिला पंचायत का प्रथम सम्मिलन 10 मार्च को आयोजित किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 के प्रावधानों के अनुसार, निर्वाचित प्रतिनिधियों को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों का निर्वहन विधिक प्रक्रिया के तहत करना होगा। पंचायतों के प्रथम सम्मिलन में संबंधित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष की अध्यक्षता में कार्यभार ग्रहण कराया जाएगा। राज्य सरकार ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्धारित समय-सारणी के अनुसार चुनाव प्रक्रिया को पूर्ण करें।