बाल भिक्षावृत्ति व बाल श्रम उन्मूलन के लिए चलाया गया अभियान

बलौदाबाजार, 31 जनवरी 2025। कलेक्टर दीपक सोनी के दिशा निर्देश एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी टी. जाटवर के मार्गदर्शन एवं जिला बाल संरक्षण अधिकारी प्रकाश दास के नेतृत्व में जिला बाल संरक्षण इकाई एवं श्रम विभाग की संयुक्त टीम द्वारा भाटापारा, निपनिया एवं हथबंद रेलवे स्टेशन में बाल भिक्षावृत्ति एवं बाल श्रम उन्मूलन अभियान चलाया गया। इसके साथ ही भाटापारा, सिमगा और कसडोल विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों में बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन अभियान भी संचालित किया गया। अभियान के दौरान चार बच्चों को चिन्हित किया गया जिन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। टीम द्वारा स्थानीय लोगों को बाल श्रम और बाल भिक्षावृत्ति के कानूनी पहलुओं और दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही संबंधित बच्चों को पुनर्वासित करने की प्रक्रिया शुरू की गई ताकि वे सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन व्यतीत कर सकें। इस अभियान का उद्देश्य जिले में बाल भिक्षावृत्ति और बाल श्रम को रोकना तथा बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना था। अभियान में श्रम विभाग से श्रम निरीक्षक आर.सी. कौशिक एवं श्रम उपनिरीक्षक कोमल सिंह मरावी, जिला बाल संरक्षण इकाई से संरक्षण अधिकारी दीपक राय, विधिक सह्परिवीक्षा अधिकारी मेघा शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता शाहनवाज, आउटरिच कार्यकर्ता विवेक वैष्णव एवं प्रभा जांगड़े शामिल थे।