एनसीसी के 2 सौ कैडेटों ने लिया वेपन ट्रेनिंग

महासमुंद। मिनी स्टेडियम में 200 से अधिक कैडेटों को वेपन ट्रेनिंग दी गई। ट्रेनिंग में शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय महासमुंद, शासकीय महाविद्यालय आरंग, शासकीय उमावि गोड़बहाल, शाउमावि महासमुंद, शाउमावि तामासिवनी के एनसीसी कैडेट्स शामिल हुए।
प्रशिक्षण में एनसीसी कैडेटों को हथियार चलाने का प्रशिक्षण व मैप रीडिंग का प्रशिक्षण दिया गया। एनसीसी अधिकारी विवेक कुमार वर्मा ने बताया कि एनसीसी के ए, बी एवं सी सर्टिफिकेट परीक्षा में शस्त्र प्रशिक्षण वेपन हैंडलिंग सिलेबस के रूप में है, जिसका प्रशिक्षण सामान्य ट्रेनिंग के दौरान कैडेट्स को नहीं दिया जाता, इसलिए इस विशेष ट्रेनिंग सत्र का आयोजन किया गया।
प्रशिक्षण में एनसीसी बालक और बालिका कैडेट्स ने वन शॉट, वन किल (एक गोली, एक दुश्मन) के आदर्श वाक्य के साथ हथियार चलाना सीखा। हथियार खोलना और जोड़ना, हथियार की साफ सफाई, मैगजीन भरना, सही सिस्त लेते हुए निशाना लगाना, ट्रिगर ऑपरेशन, फायरिंग रेंज के नियमों आदि की जानकारी दी गई। इस प्रशिक्षण में बटालियन से ट्रेनिंग इंचार्ज एसएम सत्यव्रत, सूबेदार बलबीर सिंह, हवलदार दलजीत सिंह, मन बहादुर ने सभी कैडेटों को परीक्षा की तैयारी व प्रायोगिक कार्य की विस्तृत जानकारी दी। जिसमें सीनियर डिवीजन से लेफ्टिनेंट प्रदीप कन्हेर और जूनियर डिविजन से थर्ड ऑफिसर विवेक कुमार वर्मा, बलदाऊ सिंह ठाकुर, कमलेश चंद्राकर आदि उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े