कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

घोघोपुरी केंद्र में दो दिन के भीतर व्यवस्था सुधारने की चेतावनी, दर्रा केंद्र में बिना सफाई के धान की खरीदी और अव्यवस्था पर जताई नाराजगी
बालोद, 23 नवंबर 2026/ किसानों को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और धान खरीदी केंद्रों में शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें, इसके लिए कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों एवं कृषि उपज मंडी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घोघोपुरी, मुजगहन एवं दर्रा धान खरीदी केंद्रों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीदी में लापरवाही और अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
घोघोपुरी केंद्र में स्टेक व्यवस्था सुधारने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान घोघोपुरी धान खरीदी केंद्र में शासन के निर्देशानुसार धान का स्टेक नहीं लगाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने समिति प्रबंधक को नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए दो दिनों के भीतर व्यवस्था में सुधार सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में व्यवस्था नहीं सुधरने पर समिति प्रबंधक को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही खरीदी केंद्र परिसर में लगे बिजली के खंभे की ऊंचाई बढ़ाने के निर्देश भी दिए, ताकि धान खरीदी के कार्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो और सुरक्षा संबंधी मानकों का पालन किया जा सके।
मुजगहन केंद्र में किसान की समस्या का मौके पर किया निराकरण
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने मुजगहन धान खरीदी केंद्र एवं कृषि उपज मंडी का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसान रामेश्वर साहू के पंजीकृत रकबे में शून्य रकबा प्रदर्शित होने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए अपने समक्ष ही उसका निराकरण कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस प्रकार की तकनीकी एवं अभिलेखीय त्रुटियों का शीघ्र समाधान करें, ताकि किसी भी पात्र किसान को समर्थन मूल्य पर धान बेचने में परेशानी न हो।
दर्रा केंद्र में बिना सफाई के धान की खरीदी पर जताई नाराजगी
दर्रा धान खरीदी केंद्र के निरीक्षण के दौरान बिना सफाई के धान की खरीदी और केंद्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शाखा प्रबंधक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी में गुणवत्ता मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए तथा किसानों की सुविधा और खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए।
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी धान खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं, व्यवस्थित स्टेकिंग, गुणवत्ता के अनुरूप धान खरीदी और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष, जिला खाद्य अधिकारी सुधीर चंद्र गुरू, नोडल अधिकारी सी आर रावटे सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.