कांकेर जिले के एक नगरपालिका और चार नगर पंचायतों के 81 वार्डों में मतदान 11 फरवरी को

नगरीय निकाय आम निर्वाचन-2025
उत्तर बस्तर कांकेर, 20 जनवरी 2025/ नगरीय निकाय आम निर्वाचन-2025 के लिए निर्वाचन कार्यक्रम हेतु अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसके तहत जिले की नगरपालिका परिषद कांकेर और नगर पंचायत चारामा, भानुप्रतापपुर, अंतागढ़ और पखांजूर के कुल 81 वार्डों में चुनाव सम्पन्न होगा, इसके लिए कुल 47 हजार 179 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे जिनमें 22 हजार 358 पुरूष मतदाता और 24 हजार 813 महिला मतदाता शामिल होंगे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर ने बताया कि नगरीय निकाय निर्वाचन ईव्हीएम मशीन के माध्यम से सम्पन्न होंगे तथा इन मशीनों की एफएलसी (प्रथम स्तरीय जांच) पूर्ण हो चुकी है। ईव्हीएम की एफएलसी के उपरांत कंट्रोल यूनिट की संख्या 156 तथा बैलेट यूनिट की संख्या 315 है, जो कि पर्याप्त संख्या में है। उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आबंटित ईव्हीएम मशीन बहुपद एवं बहुस्थान (मल्टी पोस्ट) विकल्प की हैं।
स्थानीय निर्वाचन शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगरपालिका परिषद कांकेर के 21 वार्डों में 21 हजार 360 मतदाता सम्मिलित हैं, जिनमें 09 हजार 952 पुरूष और 11 हजार 408 महिला मतदाता अपने मताधिकार को प्रयोग करेंगे। इसी तरह नगर पंचायत चारामा के 15 वार्डों में 07 हजार 442, भानुप्रतापपुर में 06 हजार 143, अंतागढ़ में 04 हजार 847 तथा नगर पंचायत पखांजूर के 15 वार्डों में 07 हजार 387 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। नगर पंचायत पखांजूर में 08 अन्य मतदाता (थर्ड जेंडर) भी सम्मिलित हैं। इसी प्रकार त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन के तहत जिले की कुल 454 ग्राम पंचायतों में 05 लाख 17 हजार 889 मतदाताओं के द्वारा मतदान किया जाएगा। इन ग्राम पंचायतों में कुल 02 लाख 53 हजार 317 पुरूष मतदाता और 02 लाख 64 हजार 571 महिला मतदाता शामिल हैं। इनमें जनपद पंचायत कांकेर की 64 ग्राम पंचायतों में 76 हजार 25 मतदाता, जनपद पंचायत चारामा की 64 ग्राम पंचायतों में 77 हजार 471 मतदाता, नरहरपुर की 71 पंचायतों में 83 हजार 607, भानुप्रतापपुर की 52 पंचायतों में 66 हजार 888, दुर्गूकोंदल की 44 पंचायतों में 47 हजार 335, अंतागढ़ की 56 ग्राम पंचायतों में 48 हजार 326 तथा जनपद पंचायत कोयलीबेड़ा की 103 ग्राम पंचायतों में 01 लाख 18 हजार 237 मतदाताओं के द्वारा तीन अलग-अलग चरणों में मतदान किया जाएगा।

इन्हें भी पढ़े