शहर को आवारा कुत्तों व मच्छर मुक्त बनाने विशेष अभियान की जरूरत : रमेश

महासमुंद। भाजपा जिला कार्यकारिणी सदस्य व पिटियाझर सोसायटी अध्यक्ष रमेश साहू ने नगर में बढ़ रही आवारा कुत्तों व मच्छरों की समस्या को लेकर पालिका प्रशासक से शीघ्र इस दिशा में कार्रवाई की मांग की है। साहू ने कहा कि शहर के पूरे 30 वार्डों में आवारा कुत्तों की समस्या विकराल रूप ले रही है। विगत दिनों गुडरूपारा के 15-20 लोगों को एक कुत्ते ने काट दिया। साथ ही नगर के समस्त वार्डों में आवारा कुत्तों की संख्या में भारी बढ़ोत्तरी हुई है। पालिका के गत कार्यकाल में जनप्रतिनिधियों के उदासीन रवैये का परिणाम नगरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। समय- समय पर कुत्तों का बधियाकरण नहीं होने के कारण हजारों की संख्या में आवारा कुत्ते नगर में घूम रहे हैं। इन कुत्तों को छोटे-छोटे बच्चों को अधिक खतरा है। यही नहीं, युवा, बुजुर्ग हर वर्ग को कुत्ते काट रहे हैं। पालिका के जनप्रतिनिधियों द्वारा कुत्तों की धर-पकड़ कर दूरस्थ जंगलों में छोड़ने की कार्रवाई भी नहीं की गई। दोपहिया सवार कुत्तों के भय से दुर्घटना ग्रस्त हो रहे हैं। आवारा कुत्तों को शहर से भगाने अभियान की आवश्यकता है।
साहू ने शहर के नालियों की सफाई नहीं होने से मच्छरों की समस्या पर भी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि पालिका के पिछले 5 साल के कार्यकाल में जनप्रतिनिधि द्वारा सफाई, पेयजल, मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान नहीं दिया। सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। नालियां बजबजा रही हैं। नालियों में मच्छर पनप रहे हैं, जो शाम होते घरों में प्रवेश कर रहे हैं। नगर में मच्छरों का पूरी तरह साम्राज्य फैल चुका है। शहर के समस्त वार्डों की छोटी-बड़ी नालियों में फागिंग मशीन द्वारा मच्छररोधी दवा का छिड़काव करान अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने पालिका प्रशासक से शहर को आवारा कुत्तों व मच्छरों के आतंक से मुक्त कराने शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

इन्हें भी पढ़े