जनजातीय गौरव दिवस पर 16 नवंबर को गरियाबंद में होगा भव्य जिला स्तरीय आयोजन

प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल होंगे मुख्य अतिथि
गरियाबंद 14 नवंबर 2026/ जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के अमूल्य योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से जिले में जनजातीय गौरव दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम 16 नवंबर 2026 को गांधी मैदान, गरियाबंद में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा गरियाबंद जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार 11 से 18 नवंबर 2026 तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में गरियाबंद जिले में जनजातीय समाज की कला, संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक योगदान को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जनजातीय लोकनृत्य, कला और संस्कृति का होगा प्रदर्शन –
जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति की विविधता को प्रदर्शित करने के लिए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ के जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव (करमा महोत्सव), शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव एवं नृत्य प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों को आयोजन में शामिल किया गया है। इसके साथ ही जनजातीय विकास प्रदर्शनी, पारंपरिक शिल्प, कला, हस्तशिल्प, व्यंजन एवं पुस्तकों से संबंधित स्टॉल तथा जनजातीय चित्रकला और फोटोग्राफी जैसी गतिविधियों के माध्यम से जनजातीय समाज की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। पारंपरिक जनजातीय वाद्ययंत्रों की प्रदर्शनी भी शासन द्वारा निर्धारित प्रमुख गतिविधियों में शामिल है।जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम और समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले जनजातीय क्रांतिवीरों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद किया जाएगा। शासन के निर्देशानुसार जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों तथा जनजातीय समाज के प्रमुख व्यक्तित्वों का सम्मान भी कार्यक्रमों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे बनाए गए कार्यक्रम के नोडल अधिकारी –
कलेक्टर रणबीर शर्मा के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जारी आदेश के अनुसार अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे को संपूर्ण कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संयुक्त कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी गरियाबंद सुश्री हितेश्वरी बाघे तथा सहायक आयुक्त आदिवासी विकास लोकेश्वर पटेल को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।
कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस विभाग को दी गई है। लोक निर्माण विभाग को टेंट, शेड एवं स्टॉल, विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग को बिजली एवं जनरेटर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल तथा स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदिवासी विकास विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के चयन, कलाकार दलों के सुरक्षित आवागमन एवं प्रस्तुतियों के समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी को प्रतिभागियों एवं प्रतिभावान विद्यार्थियों के सम्मान तथा मंच संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा संबंधित विभागों को कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा, अतिथियों के स्वागत, बैठक व्यवस्था, एलईडी स्क्रीन संचालन, प्रचार-प्रसार, फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है। जिला स्तरीय आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों, विजेताओं एवं प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित करने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम के दौरान जनजातीय वर्ग के पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने की व्यवस्था भी की गई है। स्वास्थ्य विभाग को अनुसूचित जनजाति के हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड वितरण तथा श्रम विभाग को श्रम कार्ड वितरण की जिम्मेदारी दी गई है। इसी प्रकार जिले के गरियाबंद, मैनपुर, छुरा, फिंगेश्वर एवं देवभोग जनपद पंचायतों को अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों के लिए प्रधानमंत्री आवास पूर्णता प्रमाण पत्र वितरण संबंधी समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यक्रम में जनजातीय वर्ग के जनपद प्रतिनिधियों एवं सरपंचों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत जिलेभर में होंगी गतिविधियां –
जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत जनजातीय विषयों पर संगोष्ठी, जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन, कला एवं संस्कृति की प्रदर्शनी, चित्रकला एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिताएं तथा जनजातीय महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान जैसी गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश हैं। जिले के शासकीय कार्यालयों में भी जनजातीय गौरव दिवस से संबंधित कार्यक्रम आयोजित कर उनकी फोटो एवं वीडियो निर्धारित पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। कार्यक्रमों के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ ही आयोजन की सफलता की कहानियां, फोटोग्राफ एवं वीडियो का संकलन भी किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा जनजातीय गौरव दिवस के जिला स्तरीय आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्व निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।