15 नवंबर से जिले के 134 उपार्जन केंद्रों में शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी
1.28 लाख से अधिक पंजीकृत किसान करेंगे धान विक्रय
जांजगीर-चांपा, 14 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होने जा रही है, जो 15 जनवरी 2027 तक चलेगी। जांजगीर-चांपा जिले के सभी 134 धान उपार्जन केंद्रों में धान विक्रय के लिए 1,28,719 पंजीकृत कृषक हैं। प्रत्येक उपार्जन केंद्र स्तर पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किसानों को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय की सुगम, पारदर्शी और व्यवस्थित सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। किसानों के हित में राज्य सरकार द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। अब निर्धारित अधिकतम मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ के मान से एकसमान 13 हजार 839 रुपए की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यदि कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम मात्रा में धान उपार्जन के लिए उपलब्ध कराता है, तब भी उसे प्रति एकड़ के मान से आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले के सभी 134 उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं का 36 बिंदुओं की विस्तृत चेकलिस्ट के आधार पर परीक्षण एवं सत्यापन किया गया है। केंद्रों की आधारभूत सुविधाओं, तकनीकी संसाधनों, तौल व्यवस्था, बारदानों की उपलब्धता, मानव संसाधन और धान के सुरक्षित भंडारण सहित प्रत्येक महत्वपूर्ण पहलू, केंद्रों में फेंसिंग, विद्युत आपूर्ति, कंप्यूटर, प्रिंटर, यूपीएस, जनरेटर अथवा इन्वर्टर तथा इंटरनेट कनेक्टिविटी जैसी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। धान की सही एवं पारदर्शी तौल के लिए इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, कांटा-बांट, बायोमेट्रिक उपकरण तथा आर्द्रतामापी यंत्रों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने को कहा गया है। किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, प्राथमिक उपचार पेटी, पर्याप्त कर्मचारियों और डाटा एंट्री ऑपरेटरों की उपलब्धता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस खरीफ विपणन वर्ष में जिले में 5 नवीन धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं। इनमें विकासखंड बम्हनीडीह के दुरपा, बलौदा विकासखंड के कुरदा (च) तथा विकासखंड नवागढ़ के कनस्दा, पचेड़ा एवं पोड़ी राछा शामिल हैं। इससे संबंधित क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और स्थानीय स्तर पर ही धान विक्रय की सुविधा मिलेगी।
धान खरीदी के लिए ‘तुहर टोकन’ मोबाइल एप के माध्यम से टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कुल टोकन में से 70 प्रतिशत मोबाइल एप के माध्यम से तथा 30 प्रतिशत संबंधित उपार्जन केंद्रों से जारी किए जाएंगे। कृषि भूमि के रकबे के आधार पर किसानों को टोकन देने का प्रावधान किया गया है। इसके तहत 2 एकड़ तक कृषि भूमि वाले किसानों को 1, 2 से 10 एकड़ तक भूमि वाले किसानों को 2 तथा 10 एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को 3 टोकन जारी किए जाने का प्रावधान है।
धान खरीदी के दौरान किसानों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। किसान एवं आम नागरिक फोन नंबर 07817-222032 पर अपनी सूचना एवं शिकायत दर्ज करा सकते हैं। मार्कफेड द्वारा जिले के सभी 134 उपार्जन केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से केंद्रों की सतत निगरानी की जाएगी। अंतरजिला अवैध धान की आवक पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 3 स्थान निर्धारित किए गए हैं, जहां चेकपोस्ट के माध्यम से निगरानी की जाएगी।
