गौरव पथ निर्माणा कार्यों का विधायक ने किया निरीक्षण
महासमुंद। सरायपाली विधायक चातुरी नंद ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ गौरव पथ व पोल शिफ्टिंग का निरीक्षण किया। अग्रसेन चौक में व्यापारियों से प्रत्यक्ष भेंटकर परेशानियों से अवगत हुई।
व्यवसायियों द्वारा दुकान के सामने रखी पाइपों से हो रही परेशानियों पर गौरवपथ मैनेजर को इसे दूसरी जगह रखने का निर्देश दिया। पोल शिफ्टिंग कार्य में भारी लापरवाही किए जाने की शिकायत पर विधायक नंद ने विद्युत विभाग के डीई व सीएमओ को इस्टीमेट के अनुरूप कार्य नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिया। गौरवपथ के मैनेजर व अनेक व्यापारियों ने नगरपालिका द्वारा श्री हनुमान मंदिर के सामने व नगर के कई स्थानों पर समय पूर्व वृक्षों को नहीं काटे जाने से कार्य बाधित होने की शिकायत की। बताया गया कि पूर्व में नपाध्यक्ष द्वारा स्वयं इन वृक्षों की कटाई कराई जा रही थी, पर सिर्फ वृक्षों के डंगालों को काट कर छोड़ दिया गया। मैनेजर से विधायक द्वारा पूछे जाने पर बताया गया कि उन्हें नगर पालिका से जैसा आदेश मिला उनके द्वारा उसी तरह का निर्माण कराया जा रहा है। विधायक नंद को उपस्थित व्यापारियों और नागरिकों ने बताया कि गौरव पथ निर्माण के तहत नवीन पोल शिफ्टिंग का कार्य कराया जा रहा है, जिसमें मेजरमेंट के विरुद्ध कार्य कराया जा रहा है। उपस्थित लोगों ने पुराने पोल में डेटिंग पेंटिंग कर लगाने की शिकायत की, जिसे विधायक नंद ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। विधायक चातुरी नंद ने उपस्थित अधिकारियों को व्यापारियों व आमजनता को निर्माण कार्य के दौरान किसी तरह की तकलीफ न हो उसे ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों को शीघ्र किए जाने निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान नपा के दिनेश यादव, एई बजरंग आंडील, पूर्व पार्षद सुरेश भोई, कमल अग्रवाल, विजय यादव, पत्रकार दिलीप गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि अरमान हुसैन, मोहसिन मेमन, केशव अग्रवाल, जयंत यादव, रोशन नाग, अनस हुसैन, वीरेंद्र यादव समेत व्यापारीगण और नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
