महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार अनेक योजनाएं चला रही : सुधा

निकाय चुनाव के बाद पुन: शुरू होगा महतारी वंदन योजना का पोर्टल
महासमुंद। भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सुधा साहू ने महतारी वंदन योजना को लेकर सरकार के निर्णय का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने निकाय चुनाव के बाद महतारी वंदन का फार्म भरने की प्रक्रिया पुन: शुरू करने के संकेत दिए हैं। छत्तीसगढ़ सरकार अपनी सबसे महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक महतारी वंदन योजना से छूटी हुई महिलाओं को भी जोड़ने जा रही है। नगरीय निकाय चुनावों के बाद फिर से पोर्टल शुरू कर आवेदन मंगाए जाएंगे।
श्रीमती साहू ने कहा कि जो महिलाएं फार्म भरने से किसी वजह से चूक गई थीं। अब उन्हें फार्म भरने का फिर से मौका मिलेगा। अब तक प्रदेश की हजारों महिलाओं को 1-1 हजार रुपए के हिसाब से 11 माह का 11 हजार रुपए मिल गया है। सरकार ने महिलाओं को सशक्त व आत्मनिर्भर बनाने इस महत्वपूर्ण योजना का शुभारंभ किया था, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में मिल का पत्थर साबित हो रहा है। योजना का पोर्टल खुलने से नए आवेदन के साथ ही उन महिलाओं को भी लाभ मिलेगा जिन्हें त्रुटिवश लाभ नहीं मिल पा रहा है। सुधा ने कहा कि भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार ने महिलाओं के सम्मान में अनेक योजनाएं बनाकर परिवार चलाने में हिस्सेदारी का अवसर प्रदान
किया है। ड्रोन दीदी योजना के तहत हजारों महिला बहनों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। जिससे महिलाएं स्वावलंबी बनीं। साथ ही श्रमिक परिवार की महिलाओं को भी अनेक योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। इसके अलावा सरकार महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नई योजना शुरू कर चुकी है। महतारी वंदन योजना में जिस तरह से महिलाओं के खाते में 1 हजार रुपए हर महीने आते हैं, इस नई योजना में महिलाओं को 25 हजार रुपए दिए जाएंगे। ये राशि लोन के रूप में एकमुश्त दिए जाएंगे। महतारी शक्ति ऋण योजना के तहत इसका संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना का फायदा उन महिलाओं को मिलेगा जिनका खाता राज्य ग्रामीण बैंक में है। जिन महिलाओं को इस खाते में महतारी वंदन योजना की राशि मिलती है वह स्वरोजगार के लिए 25 हजार रुपए तक का ऋण बिना किसी औपचारिकता के बड़ी आसानी से बैंक से ले सकेंगी। राज्य ग्रामीण बैंक इस योजना को मॉनिटर करेगा।