वार्ड में कैलेंडर वितरण किया गया
महासमुंद। अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में रामलला प्राण प्रतिष्ठा के 1 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला उपाध्यक्ष भाऊराम साहू ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर पर आधारित कैलेंडर का वितरण वार्ड 25 के समस्त घरों में किया। श्री साहू ने कहा कि भगवान श्रीराम के भक्तों व समस्त सनातनियों के लिए यह गाैरव का क्षण है। वर्षों के विरह के बाद रामलला काे अयोध्या में स्थापित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा छत्तीसगढ़ के बुजूर्गों को प्रभु श्रीराम दर्शन योजना के तहत अयोध्या का भ्रमण कराया जा रहा है। इस योजना के तहत गरीब से गरीब वर्ग के लोग लाभान्वित हो रहे हैं। जो कभी स्वप्न में भी अयोध्या धाम जाने के बारे में नहीं सोच सकते थे, ऐसे लोगों को भी प्रभु श्रीराम का साक्षात दर्शन करने का सुअवसर मिल रहा है। श्री साहू ने कहा कि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के प्रयास से महासमुंद विस क्षेत्र के हजारों लोगों को अब तक अयोध्या धाम भेजकर प्रभु श्रीराम लला के दर्शन लाभ पाने का अवसर दिया गया है। उन्होंने समस्त वार्डवासियों को श्रीराम मंदिर के 1 वर्ष पूर्ण होने की शुभकामनाएं दी।
