अंडर-14 विद्यालयीन क्रिकेट में 8 टीमों के बच्चे दिखा रहे जाैहर
मिनी स्टेडियम में 12 जनवरी तक चलेगा क्रिकेट स्पर्धा
महासमुंद। राज्य क्रिकेट संघ के निर्देशानुसार महासमुंद जिला क्रिकेट संघ द्वारा अंडर-14 जिला स्तरीय अंतर विद्यालय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 9 जनवरी से 12 जनवरी तक मिनी स्टेडियम, महासमुंद में किया जा रहा है। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालय से 8 टीमें भाग ले रही है। प्रतियोगिता के चार मुकाबले हो चुके हैं। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला महासमुंद कंबाइंड और वेडनर के बीच खेला गया। जिसमें कंबाइंड टीम ने 48 रनों से जीत हासिल की। मैच में सत्यम 67 और वेकंटेश ने 27 रन बनाये, प्रज्ज्वल 4 विकेट अर्जित कर मेन ऑफ द मैच चुने गए। इस मैच के मुख्य अतिथि के रूप मे हुसैन बख़्श थे।
दूसरा मैच तेंदुकोना और पिथौरा ब के बीच खेला गया। जिसमें पिथौरा की टीम 10 विकेट से विजयी रही। इसमें गेंदबाजी में योगेश ने सर्वाधिक चार विकेट अर्जित किए। इस मैच के मुख्य अतिथि के रूप में रमेश शर्मा उपस्थित थे। टूर्नामेंट का तीसरा मैच बागबाहरा कार्मल और रिवरडेल स्कूल के बीच खेला गया। इस मैच के मुख्य अतिथि संजय डफले रहे। इस मैच में रिवरडेल ने 38 रनों से जीत हासिल की। इस मैच में देवांश तीन विकेट अर्जित कर मेन ऑफ द मैच चुने गए। टूर्नामेंट का चौथा मैच पिथौरा ए और बागबाहरा ए के बीच खेला गया। इस मैच के मुख्य अतिथि अंजलि बरमाल जिला क्रीड़ा अधिकारी रहे। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पिथौरा की टीम ने 203 रनों का लक्ष्य दिया। इसमें फलेंद्र ने 64 और दिनेश ने 31 रनों का योगदान दिया और लीलेश ने 3 विकेट प्राप्त किये। इसके जवाब में बागबाहरा की टीम 119 रनों पर सिमट गयी। बागबाहरा की ओर से आयुष ने 46 रनों की पारी खेली। परंतु अपनी टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे।
टूर्नामेंट में संघ के सभी सदस्य शशांक मोघे, विनोद शर्मा, सलीम कुरैशी, राजेश शर्मा, अमृत चोपड़ा, दिनेश शर्मा, बंटी चावला, नासिर अली, राकेश चंद्राकर, राजकुमार राठौर, आनंद कामदार, नवनीत गुरुदत्ता, तुषार चौहान, तृपेश साहू, जमशेद रजा, शैलेश शुक्ला मौजूद व बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
