आवक बढ़ने से सब्जियां हुई सस्ती
महासमुंद। बिन्नी बाई सब्जी बाजार में इन दिनों लोकल सब्जियों की आवक के चलते सब्जियों के दाम में कमी आई है। लेकिन आवक की तूलना में खपत कम होने से सब्जी व्यवसायियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। कुछ माह पहले 60 से 80 रुपए किलो बिकने वाला टमाटर अब थोक में 8 और चिल्हर में 10 रुपए किलो तक बिक रहा है।
दिसंबर माह से ठंड बढ़ने से लोकल सब्जियों की आवक बढ़ने लगी जिसका असर सब्जियों के दामों पर भी दिखाई दिया। इससे पहले बाहरी आवक अधिक होने के कारण सब्जियों के दाम आसमान पर थे। जिससे आम लोगों की जेब पर भारी पड़ने के साथ ही लोगों की थाली से जायका बिगड़ गया। लेकिन जैसे ही लोकल आवक शुरू हुई सब्जियों के दाम कम होने लगा। थोक व चिल्हर सब्जी व्यवसायी संघ के अध्यक्ष संतोष चंद्राकर ने बताया कि इन दिनों हर रोज 100 से 120 टन सब्जी बाजार में पहुंच रही है। जिसमें 70 प्रतिशत स्थानीय आवक है। स्थानीय सब्जियों में बैंगन, फूल व पत्ता गोभी, नवलगोल, टमाटर की अधिक आवक हो रही है। इसके अलावा सभी प्रकार की भाजी भी आ रही है। वहीं बाहरी आवक मात्र 30 प्रतिशत ही रह गयी है। बाहरी आवक में इन दिनों मटर, गाजर और मुनगा ही आ रहा है। उन्होंने बताया कि भरपूर मात्रा में स्थानीय आवक के चलते सब्जियों के दामों में गिरावट तो आ रही है पर आवक की अपेक्षा खपत कम हो रही है। प्रतिदिन 70-80 टन की खपत है वहीं 20-30 टन सब्जियां बच जा रही है जिससे नुकसान हो रहा है। उनका कहना है कि बची हुई सब्जियों को चिल्हर व्यवसायी शाम-रात में औने-पौने दाम पर बेचने मजबूर हैं।
लोकल सब्जी बाजार में चिल्हर के भाव में शुक्रवार को बैंगन 20 रुपए प्रति किलो में बिक रहा है। इसी प्रकार फूल गोभी 40, पत्ता गोभी 20, लौकी 20, पत्ता धनिया 40, फूल धनिया 60, हरी मिर्च 60, शिमला मिर्च 50, गाजर 40, बरबट्टी 40, करेला 60, कुम्हड़ा 20, मटर 50, आलू 30, प्याज 40 रुपए किलो में बिक रहा है। इसी प्रकार पालक, कुसुम, लाल और बथुआ भाजी 20 रुपए किलो और मेथी भाजी 30 व प्याज भाजी 60 रुपए किलो बिक रहा है। बाजार में हरी सब्जियों के दाम घट रहे हैं वहीं कुछ सब्जियों के दाम अभी बढ़े हुए हैं। भिंडी आज चिल्हर में 80 रुपए, कटहल 70, मुनगा 160, ढेंस 100 और अदरक 80 रुपए और लहसुन 100 रुपए पाव बिक रहा है।
