कलेक्टर की पहल से बच्चों को मिला जाति प्रमाण पत्र
कोरिया, 3 दिसम्बर 2024। कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने मंगलवार को बच्चों के जीवन में नई उम्मीद की किरण जगाई। सोनहत विकासखंड के प्राथमिक शाला महुआपारा और मझारटोला के बच्चों को कलेक्टर कार्यालय में जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीय संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं और सपनों को प्रोत्साहित किया।
कक्षा पहली, दूसरी और पांचवीं में अध्ययनरत राजकिशोर सिंह, कुमारी स्मृति और अजय कुमार जब कलेक्टर से मिले, तो उनकी मासूमियत और सादगी ने सभी का दिल जीत लिया। कलेक्टर ने मुस्कुराते हुए पूछा, बच्चों, आप लोगों का नाम क्या है? और आपको यहां क्यों बुलाया गया है?‘ मास्टर अजय ने बड़ी मासूमियत से जवाब दिया, ‘हमें जाति प्रमाण पत्र देने के लिए बुलाया गया है‘ और तीनों बच्चों ने नाम व कक्षा भी बताया।
प्रशासन की इस पहल से बच्चों के अभिभावक बेहद खुश हैं। लंबे समय से लंबित जाति प्रमाण पत्र अब बच्चों को मिल रहे हैं, जिससे उनकी शिक्षा और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का रास्ता आसान हो गया है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम राकेश साहू, जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने बच्चों को न केवल प्रमाण पत्र दिए, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित भी किया।
