जिपं सीईओ ने ग्राम पंचायत ऑफिस गठुला, बोरी, तिलई, उपरवाह का किया निरीक्षण, सरपंच-सचिव को कारण बताओ नोटिस

राजनांदगांव 27 नवम्बर 2024। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने बुधवार को ग्राम गठुला, बोरी, तिलई, उपरवाह का आकास्मिक निरीक्षण किया। सीईओ जिला पंचायत ने ग्राम गठुला के ग्राम पंचायत कार्यालय में अभिलेखों की अवलोकन किया। अभिलेखों का संधारण नियमित पाया गया। उन्होंने प्राथमिक शाला गठुला के मध्यान्ह भोजन स्थल का निरीक्षण किया गया। स्कूली बच्चों हेतु दाल, चावल, सब्जी तैयार किया जा रहा था। मध्यान्ह भोजन तैयार करने वाले स्वसहायता समूह की महिलाओं को भोजन निर्माण स्थल पर नियमित साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। सीईओ जिला पंचायत ने धान उपार्जन केन्द्र के निरीक्षण के दौरान धान खरीदी, जारी टोकन एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। समिति प्रबंधक ने बताया कि धान उपार्जन केन्द्र में प्रतिदिन 50 से 60 कृषकों से लगभग 2600 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। केन्द्र में छाया, पेयजल सहित अन्य आवश्यक सभी व्यवस्था की गई है। समिति में कुल 2339 कृषक पंजीकृत है। जिसमें से अब तक 414 कृषको से 19206 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। ग्राम बोरी में मेन रोड किनारे साफ-सफाई नहीं होने तथा ग्राम बोरी में तिलई रोड स्थित तालाब के सामने निर्मित सामुदायिक शौचालय भवन के पीछे कचरे को जलाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सरपंच, सचिव तथा विकासखण्ड समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन नंद कुमार साहू को कारण बताओ सूचना जारी करने के निर्देश दिए।
सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने ग्राम बोरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत कार्यालय के पीछे मेन रोड किनारे साफ-सफाई नहीं होने, हायर सेकेन्ड्री स्कूल घुमका रोड में स्कूल के सामने अनावश्यक रूप से उगे हुये झाडिय़ों की साफ-सफाई नहीं होने तथा नवनिर्मित व्यवसायिक परिसर के सामने अनावश्यक रूप से उगे हुये झाडिय़ों की साफ-सफाई नहीं होने पर सरपंच एवं सचिव को कारण बताओ सूचना जारी करने तथा तीन दिवस के भीतर साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। इसी तरह सीईओ जिला पंचायत ने ग्राम उपरवाह के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत कार्यालय में अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र का अवलोकन किया। आंगनबाड़ी केन्द्र में 17 बच्चे उपस्थित थे और केन्द्र में कुपोषित बच्चों की संख्या निरंक है। केन्द्र में तैयार बच्चों के लिए गर्भ भोजन रोटी, दाल, चावल, सब्जी तैयार की जा रही थी। धान उपार्जन केन्द्र के निरीक्षण के दौरान धान खरीदी एवं किसानों के लिए किए गए व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। समिति प्रबंधक ने बताया कि समिति में 2147 कृषक पंजीकृत है। जिसमें से 429 कृषकों द्वारा 19214 क्विंटल धान का विक्रय अब तक किया जा चुका है। धान खरीदी केन्द्र में निर्मित चबुतरों में धान का संग्रहण किया जा रहा है। उन्होंने संग्रहण केन्दों से धान के परिवहन हेतु आवश्यक व्यवस्था हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
क्रमांक 123 ——————-
योजनाओं के संबंध में मार्गदर्शन हेतु 29 नवम्बर को शिविर
राजनांदगांव 27 नवम्बर 2024। शासन द्वारा स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में शिक्षित बेरोजगार युवक व युवतियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य दिया गया है। महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र ने बताया कि योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक हितग्राहियों के मार्गदर्शन के लिए 29 नवम्बर 2024 को कार्यालय जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र नया संयुक्त जिला कार्यालय हाल क्रमांक 1 कलेक्टोरेट परिसर राजनांदगांव में शिविर का आयोजन किया गया है। योजनांतर्गत स्वरोजगार स्थापना हेतु बैंक शाखाओं के माध्यम से व्यवसाय क्षेत्र, सेवा क्षेत्र, विनिर्माण एवं खाद्य प्रसंस्करण से संबंधित उद्योग की स्थापना के लिए ऋण का प्रावधान है।