घुमका बनेगा नगर पंचायत, डिप्टी सीएम साव ने दिया आश्वासन, सरपंच-पंच सहित गांववालों ने रखी थी मांग

रायपुर. 27 अक्टूबर 2024। उप-मुख्यमंत्री अरुण साव ने घुमका ग्राम पंचायत (राजनांदगांव) की सरपंच, पंचों और ग्रामीणों की मांग पर घुमका को नगर पंचायत बनाने का आश्वासन दिया है। उप मुख्यमंत्री साव से राजधानी स्थित निवास पर घुमका की सरपंच श्रीमती फूलमती वर्मा ने अपने पंचों और ग्रामीणों के साथ मुलाकात कर घुमका को नगर पंचायत बनाने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि गांववाले काफी दिनों से इसकी मांग कर रहे हैं। गांव की आबादी छह हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री को गांववालों की तरफ से आवेदन सौंपते हुए इसके लिए आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग और उनकी भावनाओं को देखते हुए घुमका ग्राम पंचायत के जल्द ही नगर पंचायत के रूप में उन्नयन का आश्वासन दिया।