पुलिस की मौजूदगी में दो दिन बाद शव का अंतिम संस्कार
बलरामपुर 26 अक्टूबर 2024। एनआरएचएम में पदस्थ चपराशी ने 24 तारीख को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद बवाल मच गया था। पुलिस की लाठीचार्ज व टियर गैस छोड़े जाने से नाराज लोगों ने थाने पर पथराव किया था। दूसरे दिन जिला अस्पताल परिसर में एएसपी पर हमला भी किया गया था। शनिवार की सुबह प्रशासन व पुलिस अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में मृतक के शव का अंतिम संस्कार किया गया। थाना में पर पथराव के मामले में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। संतोषीनगर के रहने वाले गुरुचंद मंडल की दूसरी पत्नी रीना गिरी 29 सितंबर को लापता हो गई थी। उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट गुरुचंद ने ही थाना में दर्ज कराई थी। इधर गुरुचंद के साले बादल गिरी ने जीजा व उसके पिता पर हत्या करने का आरोप लगाया था।
इसी मामले में पुलिस ने 24 तारीख को पूछताछ के लिए गुरुचंद मंडल व उसके पिता शांति मंडल को बुलाया था। थाना में ही गुरुचंद मंडल ने बाथरूम में फांसी लगा ली थी। इधर पुलिस द्वारा घटनास्थल न दिखाए जाने से नाराज स्वास्थ्य कर्मियों, मृतक के परिजनों व नगरवासियों द्वारा नेशनल हाइवे पर चक्काजाम कर दिया था। मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने लाठीचार्ज कर टियर गैस छोड़े थे। इससे लोग और आक्रोशित हो गए थे और उन्होंने थाने पर पथराव किया था।
