पीएम किसान सम्मान निधि की राशि जारी, सीधे जुड़े किसान

गरियाबंद 7 अक्टूबर 2024। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 18 वीं किस्त की राशि किसान सम्मेलन में जारी की गई। इस दिवस को पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया गया। जिले के प्रत्येक विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर भी पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया था। इसी क्रम में कलेक्टर दीपक कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन उप संचालक कृषि कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया। जिसमें वाईगौल में हुए वृहद कार्यक्रम का वेब प्रसारण किया गया, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों सहित किसानों को आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम में जिला कृषि स्थायी समिति सभापति श्रीमती लोकेश्वरी नेताम, जिला पंचायत सभापति फिरतुराम कंवर, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत गरियाबंद प्रवीण यादव, वरिष्ठ नागरिक अनिल चंद्राकर, इत्यादि जनप्रतिनिधिगण शामिल हुए। कृषि विभाग के उप संचालक चंदन कुमार रॉय द्वारा कार्यक्रम के दौरान किसानों को प्रधानमंत्री कृषि सम्मान निधि योजना एवं पीएम पोर्टल पर उपलब्ध ‘‘नो यूअर स्टेटस‘‘ के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। ताकि लाभार्थी कृषक स्वतः ही जांच कर जानकारी प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम में पीएम किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत जिले के एक लाख 2 हजार 442 कृषकों को 18वीं किस्त के रूप में 22 करोड़ 39 लाख रूपये खातों में हस्तांतरित किया गया।