गुणवत्ता मानकों की जागरूकता के लिए रैली
रायगढ़,4अक्टूबर 2024। विश्व मानक दिवस के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा गुणवत्ता मानकों की जागरूकता के लिए रैली निकाली गई, जिसमें 800 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को गुणवत्ता मानकों के महत्व के बारे में जागरूक करना था। रैली को जीके गबेल प्राचार्य शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज और सुमित कुमार निदेशक एवं प्रमुख भारतीय मानक ब्यूरो ने चक्रधर नगर चौक से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जो शहीद चौक में समाप्त हुई। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने लोगों को भारतीय मानक ब्यूरो के गुणवत्ता मानक चिन्हों के बारे में जागरूक किया। जिनमें सोने-चांदी की कलाकृतियों के लिए हॉलमार्क, आईएसआई मार्क, इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों के लिए पंजीकरण चिन्ह और बीआईएस केयर मोबाइल एप्लीकेशन सहित उपभोक्ता सशक्तिकरण के लिए डिजिटल माध्यम के बारे में जानकारी दी।
