प्रशासन की किसान हितैषी पहल, त्रुटि सुधार और खसरा मैपिंग के लिए विशेष सुविधा

सुकमा, 26 नवम्बर 2026/खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान खरीदी प्रक्रिया को सुगम, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए सुकमा जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जिले का कोई भी पात्र किसान तकनीकी या दस्तावेजी त्रुटि के कारण समर्थन मूल्य पर धान बेचने से वंचित न रहे, इसके लिए प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण और किसान-हितैषी कदम उठाया है। जिला प्रशासन द्वारा जारी विशेष सूचना के तहत किसानों को उनके भूमि और फसल विवरण में सुधार तथा खसरा मैपिंग कराने का सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, ऐसे कृषक जिनके खसरे “फार्मर रजिस्ट्री“ में दर्ज हैं लेकिन धान खरीदी पोर्टल (खसरा मॉड्यूल) में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, उनकी सुविधा के लिए संबंधित उपार्जन समिति की आईडी में “एग्रीस्टैक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें“ का विकल्प उपलब्ध करा दिया गया है। किसान अपनी संबंधित समिति से संपर्क कर 15 जनवरी 2027 तक आसानी से अपने खसरों की मैपिंग करा सकते हैं। यह व्यवस्था सुनिश्चित करेगी कि प्रत्येक पंजीकृत किसान का रकबा ऑनलाइन पोर्टल पर सही ढंग से दर्ज हो।
इसके अतिरिक्त, डिजिटल फसल सर्वेक्षण या भौतिक सत्यापन (PV ऐप) के दौरान यदि किसी खसरे में धान के स्थान पर अन्य फसल दर्ज हो गई है, या जो रकबे सर्वेक्षण से छूट गए हैं, उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित तहसीलदार के माध्यम से मौके पर ही भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। वहीं, जिन किसानों के खसरे या फसल रकबे में किसी प्रकार की विसंगति है, वे तत्काल अपने हल्का पटवारी या तहसील कार्यालय में दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं, ताकि मौका पंचनामा और स्थल फोटोग्राफ के आधार पर सत्यापन कर 29 नवंबर 2026 तक पोर्टल में आवश्यक संशोधन पूरा किया जा सके।
प्रशासन की इस त्वरित और संवेदनशील कार्यप्रणाली से किसानों को बड़ी राहत मिली है। कलेक्टर अमित कुमार ने जिले के सभी अन्नदाताओं से अपील की है कि वे भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने भूमि एवं फसल विवरण का मिलान कर त्रुटि सुधार अवश्य करा लें, ताकि धान विक्रय की प्रक्रिया निर्बाध रूप से संपन्न हो सके।

इन्हें भी पढ़े

New casino players can check independent customer feedback before depositing, and reviews of 30Bet Casino may help identify common support experiences.