बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बालिकाओं की जिज्ञासाओं का किया गया समाधान
बाल अधिकार, बालिका शिक्षा एवं लैंगिक समानता के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 28 नवंबर 2026/कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास धीरेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति हब द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत 60 दिवसीय विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को विकासखंड मरवाही के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परासी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में विद्यालय में पूर्व से स्थापित जिज्ञासा बॉक्स में बालिकाओं द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों के समुचित उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। साथ ही बाल दिवस, वीरांगना दिवस, बाल अधिकार दिवस एवं संविधान दिवस के उपलक्ष्य में विविध खेल एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बालिका शिक्षा, लैंगिक समानता, भारतीय संविधान तथा वीरांगनाओं के साहस एवं त्याग के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही बाल विवाह, बाल श्रम एवं बाल शोषण जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।कार्यक्रम का संचालन जिला मिशन समन्वयक आकांक्षा तिवारी एवं जेंडर विशेषज्ञ दीपक बड़ा द्वारा किया गया। इस अवसर पर सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रभारी चंचल किरण शर्मा, काउंसलर सरिता आर्मो, केस वर्कर रौशनी सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
