ओडिशा से गांजा लेकर धमतरी जा रहे चार तस्कर टेमरी नाका पर धराए
आगे-आगे चल रही बाइक कर रही थी पायलेटिंग, पीछे दूसरी बाइक में गांजे की खेप लेकर बढ़ रहे थे आरोपी, 4.49 किलो गांजा, दो बाइक और चार मोबाइल समेत 3.64 लाख की संपत्ति जब्त
महासमुंद। ओडिशा से छत्तीसगढ़ तक गांजे की खेप पहुंचाने के लिए तस्करों ने पुलिस से बचने का नया तरीका अपनाया था। तस्करी में शामिल चार युवक दो अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर निकले थे। इनमें एक बाइक आगे चलकर रास्ते की निगरानी और पायलेटिंग कर रही थी, जबकि दूसरी बाइक में गांजा रखा गया था। लेकिन पुलिस की सटीक मुखबिरी और सतर्क घेराबंदी के सामने तस्करों की यह चाल काम नहीं आई। कोमाखान पुलिस ने टेमरी नाका के पास चारों युवकों को पकड़कर उनके कब्जे से 4.490 किलो गांजा बरामद किया।
मिली जानकारी के अनुसार, कोमाखान पुलिस को सूचना मिली कि ओडिशा के खरियार रोड से दो बाइकों में सवार चार युवक गांजा लेकर बागबाहरा की ओर आ रहे हैं। इनमें पल्सर बाइक पर सवार दो युवक आगे चलकर दूसरी बाइक को रास्ता दिखा रहे हैं, जबकि पीछे चल रही सीजी 04 आरए 2799 नंबर की पल्सर में गांजा रखा हुआ है।
पुलिस टीम ने टेमरी नाका के पास घेराबंदी की। पहले सामने से आ रही बाइक में सवार दो युवकों को रोका गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर ही रही थी कि पीछे से दूसरी संदिग्ध बाइक भी पहुंच गई। पुलिस ने उसमें सवार दोनों युवकों को भी दबोच लिया। पूछताछ में चारों के आपस में परिचित होने और आगे चल रही बाइक से पीछे वाली बाइक की पायलेटिंग किए जाने का खुलासा हुआ।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान भावेश साहू उर्फ आयुष (21), विनय कुमार साहू (19), पिकेश साहू (21) और लोकेश साहू उर्फ काशीराम (21) के रूप में की है। सभी आरोपी जिला धमतरी के बिरेझर चौकी क्षेत्र के निवासी हैं। तलाशी के दौरान उनके पास रखे नीले रंग के बैग से 4.490 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत 2 लाख 24 हजार 500 रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के खरियार रोड, नुआपाड़ा से धमतरी ले जाना बताया।
3.64 लाख की संपत्ति जब्त, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.490 किलो गांजा के अलावा दो मोटरसाइकिल (कीमत एक लाख रुपये) और चार मोबाइल फोन (कीमत 40 हजार रुपये) जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 3 लाख 64 हजार 500 रुपये बताई गई है। चारों आरोपियों के खिलाफ कोमाखान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(बी) एवं 29 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।
