धान के अवैध भंडारण पर प्रशासन की कड़ी कार्यवाही: सरकारी भवन में छिपाकर रखा 72 क्विंटल धान जब्त
सौतनार में शासकीय भवन में अवैध रूप से रखे 180 बोरी धान जब्त, बिचौलियों में मचा हड़कंप
सुकमा, 15 नवम्बर 2026/छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले में 15 नवंबर से शुरू हुई खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की समर्थन मूल्य धान खरीदी को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कलेक्टर अमित कुमार के सख्त निर्देशन में अवैध धान के परिवहन और भंडारण पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) छिंदगढ़ सुमित ध्रुव के मार्गदर्शन में राजस्व, कृषि और खाद्य विभाग के संयुक्त दल ने रविवार को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत सौतनार के आश्रित ग्राम नामापारा में बड़ी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित धान को पकड़ा है।
संयुक्त टीम द्वारा की गई औचक जांच में पाया गया कि नामापारा स्थित एक अनुपयोगी शासकीय भवन में बिना किसी वैधानिक अनुमति के अवैध रूप से धान का भंडारण किया जा रहा था। जांच के दौरान यह धान स्थानीय किराना दुकान संचालक सामनाथ नाग (पिता झितरु राम नाग) का होना पाया गया। प्रशासन की टीम ने मौके पर ही नियमानुसार प्रकरण दर्ज करते हुए लगभग 72 क्विंटल (180 बोरी) अवैध धान को आगामी आदेश तक के लिए जप्त कर लिया है। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से बिचौलियों और अवैध भंडारणकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वास्तविक किसानों के हितों की रक्षा के लिए अवैध धान खपाने वालों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही, प्रशासन ने जिले के जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे धान के अवैध परिवहन, भंडारण या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी प्रशासनिक अधिकारी या पुलिस को दें, ताकि ऐसे तत्वों पर समय रहते कठोर अंकुश लगाया जा सके। प्रशासन के इस कड़े तेवर से स्पष्ट संदेश दे दिया गया है कि क्षेत्र में अवैध भंडारण और सरकारी संपत्तियों के दुरुपयोग को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
