कृषि महाविद्यालय के छात्र द्रोण कांगे का राष्ट्रीय साहसिक शिविर के लिए चयन, धर्मशाला में लेंगे प्रशिक्षण
उत्तर बस्तर कांकेर, 14 नवंबर 2026/ कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कांकेर के लिए गौरव की बात है कि महाविद्यालय में तृतीय वर्ष में अध्ययनरत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक द्रोण कांगे, पिता रामचंद्र कांगे का वर्ष 2026-27 के राष्ट्रीय साहसिक शिविर के लिए चयन हुआ है। उनका चयन विश्वविद्यालय स्तर पर किया गया है।
राष्ट्रीय साहसिक शिविर का आयोजन हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान के साहसिक केंद्र में 18 से 27 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। दस दिवसीय इस शिविर में प्रतिभागियों को पर्वतारोहण, ट्रैकिंग सहित विभिन्न साहसिक गतिविधियों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। द्रोण कांगे की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आदिकान्त प्रधान एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अनिल दिव्य ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
