सेनानी परिवारों के बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए पहल की मांग

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के साथ वित्त मंत्री ओपी चौधरी से मिले संगठन के पदाधिकारी, 144 स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में स्मृति सदन बनाने का प्रस्ताव
महासमुंद। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान और उनकी स्मृतियों को सहेजने के साथ उनके परिवारों के उत्थान का मुद्दा अब शासन स्तर पर उठाया गया है। विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन जिला महासमुंद के पदाधिकारियों ने बरोंडा चौक पर प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी का स्वागत किया। इस दौरान संगठन ने सेनानी परिवारों की भावनाओं से उन्हें अवगत कराते हुए उनके बच्चों की शिक्षा, रोजगार और परिवारों के कल्याण के लिए विशेष पहल करने की मांग रखी।
संगठन के जिलाध्यक्ष नारायण नामदेव ने बताया कि जिले के 144 स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम की शिला-पट्टिकाएं स्थापित करने और उनकी प्रतिमाएं लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही सेनानियों की स्मृतियों को स्थायी रूप से संरक्षित रखने के लिए प्रस्तावित स्मृति सदन के निर्माण में शासन से सहयोग मांगा गया है। संगठन ने जिले के 146 स्वतंत्रता सेनानियों की गौरवशाली विरासत को सहेजने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी मंत्री को दी।
पदाधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों का सम्मान और उनका सामाजिक-आर्थिक उत्थान भी शासन की प्राथमिकता में शामिल होना चाहिए। इसके लिए सेनानी परिवारों के बच्चों को शिक्षा में सहयोग देने तथा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए ठोस पहल की आवश्यकता जताई गई।
विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने भी सेनानी परिवारों की मांगों और भावनाओं के अनुरूप शासन स्तर पर आवश्यक पहल करने का आग्रह वित्त मंत्री ओपी चौधरी से किया। इस अवसर पर संगठन के चित्रसेन गिरी, कुबेर प्रकाश गिरी, संजय गिरी, शेषनारायण नामदेव, रोमांतक गिरी, बसंत चंद्राकर, आनंद गिरी, संजीव साव, खुमान चंद्राकर, योगेश जैन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़े