धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली अधिकारियों की बैठक
समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
मोहला, 5 नवंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने धान खरीदी की लक्ष्य अनुरूप तैयारियों एवं उपार्जन केंद्रों में की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि धान खरीदी प्रारंभ होने के पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर ने धान उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में बारदाने की उपलब्धता, विद्युत व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पेयजल, कंप्यूटर एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने धान खरीदी केंद्रों में धान के सुरक्षित रखरखाव, उचित भंडारण, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। साथ ही उपार्जन केंद्रों तक पहुंच मार्ग की स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक सुधार कार्य समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी धान खरीदी केंद्रों में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटरों को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने पर विशेष जोर दिया, ताकि खरीदी प्रक्रिया के दौरान ऑनलाइन प्रविष्टि एवं अन्य तकनीकी कार्यों में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को ऑपरेटरों का विशेष प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी सहकारी समितियों में निगरानी समिति का गठन करने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध धान परिवहन, भंडारण एवं खरीदी पर प्रभावी निगरानी रखने तथा अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके लिए उड़नदस्ता दल गठित कर उनकी सूची तैयार करने, संवेदनशील मार्गों एवं स्थानों पर चेकपोस्ट स्थापित करने हेतु स्थानों का चिन्हांकन करने तथा उड़नदस्ता दलों की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने धान खरीदी से संबंधित गतिविधियों की सतत निगरानी एवं शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने तथा खरीदी व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा, ताकि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप धान खरीदी सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में खाद्य विभाग, जिला विपणन संघ, सहकारिता विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, कृषि उपज मंडी सहित धान खरीदी से संबंधित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
