महतारी वंदन योजना से नम्रता कुम्भकार के परिवार को मिला आर्थिक संबल

पति के व्यवसाय को मिली नई गति
मोहला 30 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही उन्हें परिवार की आर्थिक उन्नति में सहभागी बनने का अवसर प्रदान कर रही है। योजना के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति करने के साथ परिवार की आजीविका को बेहतर बनाने में भी योगदान दे रही हैं।
जिले की ग्राम पंचायत गोटाटोला निवासी श्रीमती नम्रता कुम्भकार भी इस योजना से लाभान्वित होकर अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। गृहिणी नम्रता अपने पति के साथ मिट्टी के बर्तन एवं पारंपरिक मिट्टी के सामान बनाने के कार्य में सहयोग करती हैं। महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली 1,000 रुपए की सहायता राशि का उपयोग वे मिट्टी के बर्तन बनाने के लिए आवश्यक सामग्री खरीदने तथा घरेलू जरूरतों को पूरा करने में करती हैं। पहले सीमित पूंजी के कारण उनके परिवार को मिट्टी के बर्तन निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। लेकिन योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता से आवश्यक सामग्री खरीदने में मदद मिली, जिससे उनके पति के व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहयोग मिला। व्यवसाय में वृद्धि होने से परिवार की आय में भी सुधार हुआ है। अब उनका परिवार अपनी दैनिक आवश्यकताओं को पहले की तुलना में अधिक आसानी से पूरा कर पा रहा है।
श्रीमती नम्रता कुम्भकार के लिए महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं, बल्कि परिवार की खुशहाली और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण सहारा बनी है। योजना से प्राप्त राशि का सदुपयोग कर वे अपने पति के पारंपरिक व्यवसाय को आगे बढ़ाने और परिवार की आर्थिक जरूरतों में योगदान देने में सक्षम हुई हैं। श्रीमती नम्रता कुम्भकार ने महतारी वंदन योजना के लिए छत्तीसगढ़ शासन एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना से मिलने वाली राशि उनके परिवार के लिए काफी मददगार साबित हो रही है।