ढाबे पर खाना खा रहा था चालक, पीछे खड़े ट्रेलर में भड़की आग; केबिन जलकर खाक

महासमुंद। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर ज्ञानी ढाबा के पास रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर के केबिन में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने केबिन को अपनी चपेट में ले लिया और उसका बड़ा हिस्सा जल गया। गनीमत रही कि घटना के समय ट्रेलर चालक वाहन के भीतर मौजूद नहीं था, वह ढाबे पर खाना खाने गया हुआ था। इससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मिली जानकारी के अनुसार ट्रेलर क्रमांक एन एल 01 एबी 0769 लोहे की खेप लेकर नागपुर से कलकत्ता जा रहा था। यात्रा के दौरान चालक ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर स्थित ज्ञानी ढाबा के पास ट्रेलर खड़ा किया और खाना खाने के लिए ढाबे में चला गया। इसी दौरान अचानक ट्रेलर के केबिन से धुआं उठने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें दिखाई देने लगीं।
ढाबे पर मौजूद लोगों ने ट्रेलर के केबिन से आग की लपटें उठती देख तत्काल इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। आग की सूचना मिलते ही महासमुंद से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ट्रेलर का केबिन बुरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की सूचना मिलने के बाद तुमगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आग लगने के कारणों के साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

इन्हें भी पढ़े