खल्लारी में सड़कों के विकास को मिली रफ्तार, 32.96 करोड़ से दो प्रमुख मार्ग होंगे चौड़े और मजबूत

भुरकोनी-सेखड़ादरहा और ओवराडबरी-कोमा-कोकदा-खसुर्पाली मार्ग को मिली मंजूरी, 18.25 किमी सड़क का होगा उन्नयन
महासमुंद। खल्लारी विधानसभा क्षेत्र में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में बड़ी सौगात मिली है। खल्लारी विधायक एवं पूर्व संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव के प्रयासों से दो महत्वपूर्ण सड़क मार्गों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए कुल 32 करोड़ 96 लाख 43 हजार रुपए की शासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत कार्यों से कुल 18.25 किलोमीटर सड़क का उन्नयन होगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने का रास्ता साफ हुआ है।
शासकीय स्वीकृति के तहत भुरकोनी, सेखड़ादरहा मार्ग के किमी 1 से किमी 11/4 तक 10.25 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 19 करोड़ 58 लाख 15 हजार रुपए मंजूर किए गए हैं। वहीं ओवराडबरी, कोमा, कोकदा, खसुर्पाली मार्ग के किमी 7 से किमी 14 तक 8 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 13 करोड़ 38 लाख 28 हजार रुपए की स्वीकृति मिली है। यह कार्य वर्ष 2026-27 के बजट में शामिल है।
किसानों और विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ
दोनों प्रमुख मार्गों के उन्नयन से क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। सड़कें बेहतर होने से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, वहीं विद्यार्थियों और नौकरी-पेशा लोगों के लिए रोजाना का आवागमन आसान होगा। ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों और बाजारों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने के साथ क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।
लंबे समय से थी सड़क सुधार की मांग
इन मार्गों के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी। सड़क कार्यों की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के ग्रामीणों और आम नागरिकों ने खुशी जताते हुए विधायक द्वारिकाधीश यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़कें मजबूत और चौड़ी होने से आवागमन के साथ-साथ क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
विधायक बोले- मूलभूत सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता
विधायक द्वारिकाधीश यादव ने कहा कि खल्लारी विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई सहित मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
दो प्रमुख मार्गों के लिए मिली 32.96 करोड़ रुपए की स्वीकृति को खल्लारी विधानसभा क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में अहम उपलब्धि माना जा रहा है।

इन्हें भी पढ़े