घर में घुसा तेंदुआ, 6 को घायल कर कमरे में हुआ कैद; 10 सदस्यीय टीम ने किया रेस्क्यू

आधी रात यादव परिवार पर टूट पड़ा जंगल का शिकारी, चार पुरुष और दो महिलाएं घायल
तीन गंभीर, रायपुर रेफर- घायल परिजनों ने अदम्य साहस दिखाकर तेंदुए को कमरे में किया बंद, सफारी जंगल की टीम ने पिंजरे में सुरक्षित पकड़ा
महासमुंद। बागबाहरा वनपरिक्षेत्र के ग्राम झिटकी में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात जंगल से निकला तेंदुआ अचानक यादव परिवार के घर में घुस गया। आधी रात करीब 1.30 बजे घर में घुसे तेंदुए ने देखते ही देखते परिवार के छह सदस्यों पर हमला कर दिया। चार पुरुष और दो महिलाएं तेंदुए के हमले में घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई गई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया। घटना के बीच घायल होने के बावजूद परिवार के सदस्यों ने असाधारण साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए तेंदुए को एक कमरे में बंद कर दिया। इससे बड़ी अनहोनी टल गई। बाद में वन विभाग की 10 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 1.30 बजे यादव परिवार की उत्तरी बाई (55) बाथरूम जाने के लिए घर से बाहर निकली थीं। इसी दौरान अचानक तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। महिला के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य मदद के लिए दौड़े। इसी बीच तेंदुआ घर के भीतर घुस गया और वहां मौजूद सरजु यादव (60), जनक यादव (36), मनीष यादव (18), कृष्णा यादव (14) और सुनीता यादव (32) पर भी हमला कर दिया। कुछ ही देर में तेंदुए ने परिवार के छह लोगों को घायल कर दिया।
चीख-पुकार के बीच कमरे में बंद किया तेंदुआ
अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। तेंदुए के लगातार हमलावर होने के बावजूद परिवार के सदस्यों ने हिम्मत नहीं खोई। मौका मिलते ही उन्होंने तेंदुए को एक कमरे के भीतर बंद कर दिया। तेंदुए के कमरे में कैद होने से वह घर से बाहर नहीं निकल सका और आसपास मौजूद अन्य ग्रामीणों के लिए बड़ा खतरा टल गया। इसके बाद वन विभाग और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
112 से अस्पताल, तीन गंभीर घायलों को रायपुर भेजा
तेंदुए के हमले में घायल सभी छह लोगों को 112 की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर उपचार के लिए महासमुंद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज में जांच के दौरान तीन घायलों की हालत गंभीर पाई गई, जिसके बाद उन्हें आगे के उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया।
सफारी जंगल से पहुंची 10 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम
उधर, तेंदुए के घर के कमरे में बंद होने की सूचना मिलते ही वन विभाग ने रेस्क्यू की तैयारी शुरू कर दी। मौके पर वन अमले की निगरानी बढ़ा दी गई और ग्रामीणों को घर से दूर रहने की हिदायत दी गई। तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सफारी जंगल से 10 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ग्राम झिटकी पहुंची।
टीम ने मौके की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद बेहद सावधानी से कमरे के भीतर पिंजरा लगाया। रेस्क्यू टीम की रणनीति के मुताबिक तेंदुए को पिंजरे में सफलतापूर्वक कैद कर लिया गया। तेंदुए के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद वन विभाग के साथ ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली।
पहले स्वास्थ्य परीक्षण, फिर तय होगी आगे की कार्रवाई
रेस्क्यू किए गए तेंदुए का वन विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। इसमें उसकी शारीरिक स्थिति, किसी तरह की चोट और स्वास्थ्य संबंधी अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी। इसके बाद उच्च वन अधिकारियों के निर्देश के अनुसार तेंदुए को लेकर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
गांव में अब भी दहशत, निगरानी बढ़ाई
तेंदुए के घर में घुसकर छह लोगों पर हमला करने की घटना से झिटकी गांव में अब भी दहशत का माहौल है। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और जंगल अथवा आसपास के इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी जा रही है।

इन्हें भी पढ़े