बैंक खाता खुलवाने का झांसा देकर साइबर ठगी का नेटवर्क, आंध्रप्रदेश से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
20 हजार रुपए कमीशन का लालच देकर ग्रामीणों के खाते खुलवाते थे आरोपी, एटीएम-चेकबुक और सिम साइबर अपराधियों को बेचकर कराते थे भारी लेन-देन
महासमुंद। बैंक खाता खुलवाने के नाम पर ग्रामीणों को 20 हजार रुपए तक कमीशन का लालच देकर उनके बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड हासिल कर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी को बसना पुलिस ने आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी बी. लक्ष्मणा डोरा को 2 अक्टूबर को आंध्रप्रदेश के पोलावरम से घेराबंदी कर पकड़ा। आरोपी के खिलाफ बसना थाने में धारा 318(4), 319(2), 3(5), 317(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार ग्राम मनकी निवासी राजकुमार तांडी ने 20 अगस्त को बसना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि ओडिशा निवासी सुनील दुर्गा और थिमोथी छतरिया ने उसे और अन्य ग्रामीणों को बैंक खाता खुलवाने पर 20 हजार रुपए तक कमीशन दिलाने का झांसा दिया था। ग्रामीणों के खाते खुलवाने के बाद आरोपियों ने कंपनी में वेरीफिकेशन कराने की बात कहकर उनके एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड अपने कब्जे में ले लिए और बाद में इन्हें साइबर अपराधियों को बेच दिया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने सुनील दुर्गा, थिमोथी छतरिया और हेमलाल चौहान को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे आंध्रप्रदेश निवासी बी. लक्ष्मणा और चंद्राराव के कहने पर ग्रामीणों के बैंक खाते खुलवाकर उन्हें उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें कमीशन मिलता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड, शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े बड़े पैमाने के पैसों के लेन-देन के लिए किया जा रहा था। यानी ग्रामीणों के नाम पर खोले गए बैंक खाते साइबर अपराधियों के लिए लेन-देन का जरिया बनाए जा रहे थे।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर बसना पुलिस ने आंध्रप्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले में संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस टीम ने 2 अक्टूबर को पोलावरम में घेराबंदी कर बी. लक्ष्मणा डोरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तथा साइबर अपराध में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और लेन-देन की जानकारी जुटा रही है।
