विधायक चातुरी नंद के नाम से फर्जी लेटरहेड बनाकर इंजीनियर की शिकायत, अज्ञात पर अपराध दर्ज

सीएम को भेजा गया था लोक निर्माण विभाग के सब इंजीनियर के गुणवत्ताहीन कार्य का शिकायत पत्र, जांच में विधायक कार्यालय ने पत्र को बताया फर्जी
महासमुंद। सरायपाली विधायक चातुरी नंद के नाम और लेटरहेड का कथित तौर पर फर्जी इस्तेमाल कर लोक निर्माण विभाग के सब इंजीनियर के खिलाफ मुख्यमंत्री को शिकायत भेजने का मामला सामने आया है। विधायक कार्यालय की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और कूटरचना से संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार विधायक चातुरी नंद के निज सहायक विभीषण चौहान ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि विधायक के आधिकारिक लेटरहेड का डुप्लीकेट तैयार कर उसका इस्तेमाल करते हुए मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन, महानदी भवन, नया रायपुर के नाम एक शिकायत पत्र जारी किया गया। पत्र क्रमांक 80/2026, दिनांक 18 सितंबर 2026 में महासमुंद जिले के लोक निर्माण विभाग उप संभाग सरायपाली में पदस्थ सब इंजीनियर द्वारा गुणवत्ताहीन कार्य कराए जाने का आरोप लगाया गया था।
विधायक कार्यालय के रिकॉर्ड में नहीं मिला पत्र
शिकायत के बाद विधायक कार्यालय द्वारा उक्त पत्र का अवलोकन किया गया। इसमें सामने आया कि संबंधित शिकायत पत्र विधायक चातुरी नंद द्वारा जारी नहीं किया गया था। साथ ही पत्र पर दर्ज क्रमांक भी विधायक कार्यालय के अधिकृत अभिलेख से संबंधित नहीं पाया गया। इसके बाद विधायक के निज सहायक ने थाने में शिकायत देकर फर्जी लेटरहेड तैयार कर विधायक के नाम से पत्राचार करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
फर्जी दस्तावेज तैयार कर विधायक के नाम का इस्तेमाल
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 319(2), 336(3) एवं 340(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब फर्जी लेटरहेड तैयार करने, पत्र जारी करने और उसे संबंधित कार्यालय तक पहुंचाने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। मामले में पत्र के स्रोत और उसके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

इन्हें भी पढ़े