40 किलो गांजा तस्करी का फरार मुख्य सप्लायर ओडिशा से गिरफ्तार
महासमुंद। गांजा तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य सप्लायर को बागबाहरा पुलिस ने ओडिशा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ और जब्त मोबाइल के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर फरार सप्लायर की पहचान कर उसका लोकेशन ट्रेस किया। इसके बाद टीम ने ओडिशा पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़कर महासमुंद लाया।
पुलिस के अनुसार 9 फरवरी 2026 को शिव मंदिर के पास दतिया, मध्यप्रदेश निवासी सुमीत श्रीवास्तव (33) और कृष्णा विहार कॉलोनी, मुरैना निवासी रीना भदौरिया (40) को हुंडई वर्ना कार क्रमांक एमपी 07 एजी 8311 से 40.200 किलो गांजा का परिवहन करते पकड़ा गया था। जब्त गांजे की कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई थी।
मामले की विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी और जब्त मोबाइल डाटा का तकनीकी विश्लेषण किया गया। इससे गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य सप्लायर के संबंध में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली। आरोपी का लोकेशन ओडिशा में मिलने के बाद महासमुंद पुलिस की टीम वहां पहुंची।
पुलिस टीम ने ओडिशा के सुकलूमुड़ी में घेराबंदी कर गांजा सप्लाई करने के आरोप में शीरी दास (47) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार था और गिरफ्तार आरोपियों को गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य सोर्स के रूप में उसकी भूमिका सामने आई है।
आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद उसे शनिवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
