डोंगरगांव में वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने मूल्यांकन शिविर का हुआ आयोजन
– शिविर में 125 वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजनों ने सहायक उपकरण के लिए कराया पंजीयन
राजनांदगांव 26 सितम्बर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा मेरा योगदान अंतर्गत समाज कल्याण विभाग तथा भारत सरकार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) द्वारा राष्ट्रीय वयोश्री योजना और एडिप योजना के तहत बहुउद्देशीय भवन मोहड़ में डोंगरगांव नगर पालिका परिषद एवं जनपद पंचायत क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को जीवन सहायक उपकरण उपलब्ध करने हेतु मूल्यांकन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 125 से अधिक वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजनों ने सहायक उपकरण के लिए पंजीयन कराया।
पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत दिनेश गांधी ने सभी पात्र दिव्यांगजनों व वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए समाज कल्याण विभाग एवं एलिम्को द्वारा आयोजित मूल्यांकन शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पंजीयन कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि समाज कल्याण विभाग एवं भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति द्वारा 29 सितम्बर 2026 को लगभग 500 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों से लाभान्वित करने शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने जरूरतमंद दिव्यांगजनों से शिविर में उपस्थित होने का आग्रह किया। कार्यक्रम को उपाध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित भरत वर्मा, अध्यक्ष जनपद पंचायत डोंगरगढ़ श्रीमती रंजीता परौठी, सभापति जिला पंचायत जागृती चुन्नी यदु, उप सरपंच मोहड़ अंकुश देवांगन ने भी संबोधित किया।
उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती वैशाली मरडवार ने बताया कि शिविर में पंजीकृत पात्र हितग्राहियों को पंजीकृत मोबाईल नंबर के माध्यम से सहायक उपकरण प्राप्त होने की तिथि की सूचना दी जाएगी। निर्धारित तिथि आयोजित सहायक उपकरण वितरण शिविर में हितग्राही को सहयोगी के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि एलिम्को के तकनीकी टीम द्वारा चिन्हांकित वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किया जाएगा। शिविर के माध्यम से व्हील चेयर, व्हील चेयर कमोड, स्टूल विथ कमोड, वाकिंग स्टीक एडजेस्टेबल, बैसाखी तीन साईज, टेट्रापेड, फोल्डिंग वाकर, सरवाईकल कालर, श्रवण यंत्र, स्पाईनल सपोर्ट, फुट केयर कीट, वनी ब्रेस, पोलीमर जेल, एल एस बेल्ट वाकर फोल्डिंग, चश्मा सहित अन्य सहायक उपकरण तथा दिव्यांगजनों को ट्रायसायकल, फोल्डिंग व्हील चेयर, मोटराईज ट्रायसायकल, बैसाखी, कोहनी साईज 1 एवं 2 बैसाखी छोटा, मिडियम व बड़ा साईज, वाकिंग स्टीक, ब्रेल केल फोल्डिंग, ब्रेल किट, रोलेटर, श्रवण यंत्र, सीपी चेयर, लेप्रोसी सू, मोबाईल फोन, सुगम्य केन टीएलएम किट, कैलिपर्स जॉय स्टिक व्हील चेयर सहित अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन सहायक ग्राम पंचायत अधिकारी विरेन्द्र तिवारी एवं अभार प्रदर्शन बाल कृष्ण बघेल द्वारा किया गया। शिविर में अन्य जनप्रतिनिधि जनपद पंचायत डोंगरगांव, नगर पंचायत डोंगरगांव, समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक एवं दिव्यांगजन, नागरिक उपस्थित थे।
