मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत प्रशिक्षण लेकर दुर्गेश्वरी साहू ने हासिल किया रोजगार

राजनांदगांव 26 सितम्बर 2026। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना अंतर्गत युवाओं को रोजगार के अवसर हासिल करने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न रोजगारपरक कौशल का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। योजना के माध्यम से युवाओं को उनकी रूचि एवं आवश्यकता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत छुरिया विकासखंड के ग्राम सीताकसा की सुश्री दुर्गेश्वरी साहू ने जीडीए नर्सिंग का प्रशिक्षण प्राप्त किया और प्रशिक्षण उपरांत रोजगार मिल गया।
सुश्री दुर्गेश्वरी साहू ने बताया कि कक्षा 12वीं तक शिक्षा प्राप्त करने के बाद रोजगार के अवसर की तालाश शुरू की। इस दौरान मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के तहत लाइवलीहुड कॉलेज राजनांदगांव में जीडीए नर्सिंग प्रशिक्षण की जानकारी मिली। उन्होंने प्रशिक्षण पूरा करने के बाद रोजगार के अवसर मिलने की जानकारी से प्रेरित होकर प्रशिक्षण के लिए आवेदन किया। प्रशिक्षण के लिए चयनित होने के बाद नियमित रूप से प्रशिक्षण में भाग लिया। जीडीए नर्सिंग का 618 घंटे का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया और परीक्षा भी उत्तीर्ण की। उन्हें प्रशिक्षण के बाद रायपुर के मित्तल हॉस्पिटल में रोजगार का अवसर मिला। आज दुर्गेश्वरी प्रतिमाह 6 हजार रूपए की आय अर्जित कर अपने सपनों को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से रोजगार के अवसर मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद ज्ञापित किया है।

इन्हें भी पढ़े