सेवा संकल्प अभियान : 25 सितंबर से जिले में मनाया जाएगा आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम

पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला सशक्तिकरण पर होंगी विशेष गतिविधियां
बिलासपुर, 24 सितंबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 25 सितंबर से ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक-एक दिवस विशेष गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में हितग्राही माताओं, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, बच्चों के अभिभावकों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
आयोजन के दौरान मेरी पौष्टिक थाली का प्रदर्शन कर पोषण, स्वास्थ्य एवं महिलाओं के कल्याण से संबंधित जानकारी दी जाएगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में पौष्टिक सब्जियां एवं फल उपलब्ध कराने के लिए पोषण वाटिका हेतु पौधरोपण तथा ’’‘घर-घर मुनगा, हर घर मुनगा’’’ के लिए समुदाय को प्रेरित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से महिलाओं, बच्चों एवं गर्भवती माताओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण भी किया जाएगा। कार्यक्रम में पोषण संबंधी चित्रकला एवं स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, पोषण प्रतिज्ञा का वाचन तथा पोषण आहार मेन्यू बोर्ड का प्रदर्शन किया जाएगा। गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं, स्थानीय महिला जनप्रतिनिधियों और बच्चों की माताओं के साथ ’’मातृ संवाद’’ आयोजित कर स्थानीय पारंपरिक व्यंजनों को अधिक पौष्टिक बनाने की विधि तथा खाद्य पदार्थों के पोषण एवं उपयोग के संबंध में जानकारी दी जाएगी। महिलाओं के लिए रंगोली, मेहंदी, खेलकूद एवं व्यंजन प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया जाएगा। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र में प्रदाय किए जा रहे गर्म भोजन के साथ ’’न्योता भोज’’ का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें समुदाय की सहभागिता से बच्चों को खीर, पूरी, हलवा, स्थानीय फल एवं प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाएंगे।
अभियान के दौरान स्वच्छ आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए श्रमदान, आंगनबाड़ी की गतिविधियों में नियमित सहयोग करने वाले व्यक्तियों को सम्मान, प्रशंसा पत्र, बाल विकास के लिए पोषण एवं प्रारंभिक उत्तेजना पर चर्चा तथा ग्रामसभा में पोषण हितग्राहियों की सूची एवं पोषण प्रतिज्ञा का वाचन किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण की स्थिति का भी वाचन किया जाएगा।
कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों एवं समुदाय के सदस्यों की भूमिका पर चर्चा, दिव्यांग बच्चों का चिन्हांकन एवं संदर्भन तथा ’’आंगन मिलन सेवा सम्मान’’ का आयोजन किया जाएगा। इसके अंतर्गत परियोजना से उत्कृष्ट कार्य करने वाली ’’5 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, 5 आंगनबाड़ी सहायिकाओं एवं 5 मितानिनों’’ का सम्मान किया जाएगा।

इन्हें भी पढ़े