सेवा की कहानी – पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से रौशन हुआ सहदेव का घर

प्रतिमाह 1800 रूपए की हो रही बचत, बिजली बिल हुआ शून्य
राजनांदगांव 24 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना नागरिकों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ ही बिजली बिल से राहत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से हितग्राही अपने घरों की छत पर सोलर पैनल स्थापित कर बिजली की बचत कर रहे हैं। साथ ही अन्य बिजली उपभोक्ताओं को सोलर पैनल स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित भी कर रहे है। डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम आलिवारा निवासी सहदेव वर्मा मजदूरी का कार्य कर अपने परिवार का पालन पोषण करते है। परिवार बड़ा होने के कारण घर में बिजली की खपत ज्यादा होने के कारण प्रतिमाह 1600 से 1800 रूपए तक बिजली बिल आता था, जो उनके लिए बड़ी समस्या थी। इसी दौरान उन्हें ग्राम पंचायत आलिवारा में आयोजित सूर्य सभा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में जानकारी मिली। पंचायत सचिव ने सूर्य सभा में बताया गया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल लगाया जा रहा है। योजना के तहत हितग्राहियों को केन्द्र सरकार द्वारा 78000 रूपए एवं राज्य शासन द्वारा 30 हजार रूपए का अनुदान प्रदान किया जाता है। इसके साथ ही घर पर सोलर पैनल लगाने के लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी दी। सहदेव वर्मा ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मिलने वाले अनुदान एवं बिजली बिल से मिलने वाली राहत को देखते हुए योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन किया। आवेदन स्वीकृत होने के बाद उनके घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर रूफटॉप पैनल स्थापित किया गया। जल्द ही योजना के तहत केन्द्र एवं राज्य शासन से कुल 1 लाख 8 हजार रूपए की अनुदान राशि बैंक खाते में प्राप्त हो गई। उन्होंने बताया कि उनका बिजली बिल शून्य हो गया है और प्रतिमाह 1600 से 1800 रूपए की बचत कर रहे है। इसके साथ ही अतिरिक्त बिजली उत्पादन होने पर विद्युत विभाग को ग्रिड में जमा किया जा रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक लाभ भी होगा।
सहदेव वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना उनके जीवन में आर्थिक राहत और बच्चों के बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर आयी है। उन्होंने बताया कि बिजली बिल में होने वाली बचत से परिवार को आर्थिक संबल मिला है तथा अतिरिक्त विद्युत उत्पादन से आर्थिक लाभ मिलेगा। अब वे बचत की राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा और परिवार की अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रहे है। उन्होंने कहा कि योजना ने उनके घरेलू खर्च को कम करने के साथ ही परिवार के भविष्य को बेहतर बनाने में भी मदद की है। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सभी वर्गों के परिवारों के लिए बहुत ही फायदेमंद है। उनके घर पर सौर पैनल लगने से ग्रामीणों में सौर ऊर्जा अपनाने के प्रति जागरूकता बढ़ी है और अन्य ग्रामीण भी घरों पर सौर पैनल लगाने के लिए आगे आ रहे है। सहदेव वर्मा ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अनुदान देने और बिजली बिल से राहत दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद दिया है।

इन्हें भी पढ़े