खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं कृषि, सहकारिता विभाग की योजनाओं की कलेक्टर ने की समीक्षा
छूटे हुए राशन कार्डधारियों का ई-केवाईसी 15 दिवस में शत-प्रतिशत पूर्ण कराने के दिए निर्देश
राशन कार्ड की जांच कर मृत व्यक्तियों के नाम हटाने और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने कहा
गरियाबंद, 09 सितम्बर 2026/कलेक्टर रणबीर शर्मा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कृषि, खाद्य, नागरिक आपूर्ति निगम, मार्कफेड, सहकारिता विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने जिले में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों, राशन कार्डधारियों, ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, एग्रीस्टेक, राइस मिलों सहित अन्य कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि जिले में कुल 371 शासकीय उचित मूल्य की दुकानें संचालित हैं, जिनमें 21 दुकानें शहरी क्षेत्र तथा 350 दुकानें ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। जिले में कुल 2 लाख 19 हजार 980 राशन कार्ड धारक हैं। कलेक्टर ने सभी छुटे हुए राशन कार्डधारियों का 15 दिवस पर ई-केवाईसी शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राशन कार्ड की नियमित जांच कर मृत व्यक्तियों के नाम नियमानुसार हटाने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को ही खाद्यान्न का लाभ मिल सके। कलेक्टर ने पहुंच विहीन क्षेत्रों में खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था की भी समीक्षा की। जिले में 14 केन्द्र पहुंचविहीन क्षेत्रों में स्थित हैं, जहां राशन सामग्री की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की समीक्षा करते हुए गैस कनेक्शन धारकों की संख्या एवं योजना के लाभ की जानकारी ली। बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 1 लाख 43 हजार 518 गैस कनेक्शनधारी हैं। कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने तथा गैस कनेक्शन के सुरक्षित उपयोग के संबंध में आवश्यक जागरूकता लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में संचालित राइस मिलों की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि जिले में कुल 56 राइस मिल संचालित हैं। कलेक्टर ने सभी राइस मिलों में आवश्यक व्यवस्थाओं एवं गुणवत्तापूर्ण रख-रखाव सुनिश्चित करने तथा धान के सुरक्षित भंडारण एवं मिलिंग कार्य में निर्धारित मापदंडों का पालन कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने बारदानों को एकत्रित कर सुरक्षित जगहों पर रखने के निर्देश दिए ताकि धान खरीदी के समय में बारदानों की किसी प्रकार की समस्या न रहें। उंन्होंने कृषकों को समय पर खाद एवं उर्वरक उपलब्ध कराने, किसान पंजीयन की प्रक्रिया को सुचारू रखने तथा एग्रीस्टैक से संबंधित कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि किसानों और हितग्राहियों से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ दिलाने और विभागीय कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
