समाज कल्याण विभाग के तहत दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति आवेदन 30 तक

दंतेवाड़ा, 08 सितम्बर 2026/दिव्यांग विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा संचालित दिव्यांगजन छात्रवृत्ति योजना की आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है। समाज कल्याण संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा योजना को भारत सरकार के नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर ऑनबोर्ड किया गया है। पात्र दिव्यांग छात्र-छात्राएं 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। समाज कल्याण विभाग, दंतेवाड़ा द्वारा बताया गया कि योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 7 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाएगी। ऑनलाइन व्यवस्था से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही आवेदन, सत्यापन एवं भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुविधा सुनिश्चित होगी।
आवेदन प्राप्त होने के बाद संबंधित विद्यालय अथवा शिक्षण संस्था द्वारा विद्यार्थियों के दस्तावेजों एवं पात्रता का सत्यापन किया जाएगा। संस्था स्तर पर सत्यापन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। इसके पश्चात जिला समाज कल्याण कार्यालय द्वारा आवेदनों का परीक्षण एवं सत्यापन किया जाएगा, जिसकी अंतिम तिथि 30 अक्टूबर 2026 है। जिला प्रशासन ने पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा का ध्यान रखते हुए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल के माध्यम से जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठाएं।

इन्हें भी पढ़े